Responsive Menu
Add more content here...
February 7, 2025
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

मैनपुरी में एकजुट दिखा यादव कुनबा

By Shakti Prakash Shrivastva on April 19, 2024
0 127 Views

                                                                                                       शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव
उत्तर प्रदेश की सियासत में मुलायम सिंह यादव का परिवार यादव कुनबे के नाम से जाना जाता है। प्रदेश की सियासत में इसका अहम स्थान है। लेकिन आपस का मतभेद कहें या मनभेद पिछले कुछ चुनावों से यह कुनबा कई खेमों में बंटा हुआ दिख रहा था। खासकर सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने जब दो चुनाव पहले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पारिवारिक ज्येष्ठता को दरकिनार करते हुए अपने बेटे अखिलेश यादव की बतौर मुखयमन्त्री ताजपोशी कर दी थी। तभी से क्या प्रोफेसर रामगोपाल और क्या शिवपाल दोनों ही भीतर-भीतर असन्तुष्ट थे। चाचा शिवपाल यादव ने तो बाकायदे बगावत कर नई सियासी पार्टी भी बना लिया था। लेकिन भला हो मुलायम की बहू और अखिलेश यादव की पत्नी डिम्पल का जिसने अपने बात-व्यवहार के जादू से न केवल चाचा शिवपाल की घर वापसी की बल्कि पूरे कुनबे को ही मैनपुरी में एकसाथ बैठा दिया। हालांकि चाचा शिवपाल यादव तो मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद रिक्त हुई सीट पर हुए उपचुनाव में जब बहू डिम्पल यादव चुनाव मैदान में बतौर सपा प्रत्याशी उतरी तभी साथ आ गए थे। उन्होंने अपनी पार्टी प्रसपा यानि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का विलय भी सपा में कर दिया था। इतना ही नहीं चाचा शिवपाल ने मैनपुरी से डिम्पल की रिकार्ड जीत में भी अहम भूमिका निभाई थी। अब एक बार फिर डिम्पल यादव ने बतौर सपा प्रत्याशी अपने नामांकन में पूरे यादव कुनबे को ही मैनपुरी पहुंचा दिया।
समाजवादी पार्टी के लिए ही नहीं मुलायम परिवार के लिए भी मैनपुरी काफी अहम है। अतीत साक्षी है कि यह संसदीय क्षेत्र मैनपुरी सपा के अस्तित्व में आने से लेकर आज तक पार्टी के लिए अजेय साबित हुई है। अलबत्ता पिछले कुछ चुनावों में यह तस्वीर थोड़ी धुंधली होंने लगी थी। कुछ ऐसी ही कुनबे की कुछ अंदरूनी अंतर्कलह ही रहा होगा जिसकी वजह से 2019 के चुनाव में मुलायम सिंह यादव के नामांकन में शिवपाल कहीं नजर नहीं आए। लेकिन मैनपुरी उपचुनाव प्रचार के दौरान जब शिवपाल यादव परिवार में वापस आए तब से फिर परिवार के होकर ही रह गए। मंगलवार को मैनपुरी में सपा प्रत्याशी डिम्पल यादव का नामांकन जुलूस परिवारी एका का एकबार फिर गवाह बना। पूरा यादव कुनबा एक साथ नजर आया। सपा प्रत्याशी डिंपल यादव की कार में चाचा शिवपाल यादव आगे की सीट पर थे,और पीछे डिम्पल यादव के साथ पति अखिलेश यादव चाचा प्रोफेसर रामगोपाल के साथ बैठे हुए थे। परिवार के अन्य सदस्य अलग-अलग गाड़ियों में लेकिन साथ-साथ थे।
डिंपल यादव की कार के ठीक पीछे ही पूर्व सासद धर्मेन्द्र यादव, तेजप्रताप यादव और अखिलेश यादव के चचेरे भाई जिला पंचायत अध्यक्ष इटावा अंशुल यादव की गाड़ी थी। धर्मेंद्र यादव के बड़े भाई अनुराग यादव भी नामांकन में थे। पूरे कुनबे के एकसाथ होने का मतदाताओं पर भी खासा असर पड़ेगा। क्योंकि अब उन्हे यकीन हो गया है कि पूरा कुनबा अब एक है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *