Responsive Menu
Add more content here...
April 24, 2025
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

योगी के सपनों का ‘सम्मिट’

By Shakti Prakash Shrivastva on February 10, 2023
0 238 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

उत्तर प्रदेश में सत्तासीन होते ही 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विकास खासकर आर्थिक विकास को लेकर जो संकल्प लिया था वो अब जमीन में उतरता साफ-साफ दिखने लगा है। उन्होंने सूबे का आर्थिक ढांचा 1 ट्रिलियन डालर करने की प्रतिबद्धता जाहिर किया था। इस क्रम में 2018 में ग्लोबल इन्वेस्टर्स सम्मिट का सफल आयोजन कर 4 लाख करोड़ से अधिक निवेश का रास्ता बनाया था। बाद में इस बाबत लगातार देश-विदेश में निवेश को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से आयोजन होते रहे। उसी क्रम में प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अब यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स सम्मिट-2023 का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय आयोजन की भव्य शुरुआत देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों 10 फरवरी शुक्रवार को हुआ। प्रदेश सरकार की तरफ से इस बार निवेश का अनुमान 23 लाख करोड़ से अधिक का रखा गया था। इसके सापेक्ष उदघाटन अवसर तक प्रदेश में 29 लाख 92 हजार करोड़ के 18643 एमओयू साइन हो चुके हैं। इस महा आयोजन में देश के रिलायंस, टाटा, बिड़ला, महिंद्रा जैसे औद्योगिक समूहों के अलावा यूके, जापान, साउथ कोरिया, नीदरलैंड, सिंगापुर, मारीशस, डेनमार्क, आस्ट्रेलिया, यूएई, इटली जैसे देशों ने भी प्रस्ताव दिया है।

रिमोट से कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक समय था जब यूपी बीमारू राज्य कहलाता था। हर कोई यूपी से अपनी उम्मीदें छोड़ चुका था, लेकिन बीते 5-6 वर्षों में यूपी ने अपनी नई पहचान स्थापित कर ली है। अब यूपी अपनी गुड गवर्नेंस के लिए पहचाना जा रहा है। यूपी देश के विकास का ग्रोथ इंजन बन रहा है। शुभारंभ के मौके पर देश-विदेश के उद्योगपतियों सहित प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और देश के रक्षमंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्राप्त निवेश की बदौलत प्रदेश में लगभग 92 लाख 50 हजार से अधिक नौकरी व रोजगार प्राप्त होंगे। कार्यक्रम को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश के उद्योग मंत्री नन्द कुमार नंदी, रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी, टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन, आदित्य बिड़ला ग्रुप के कुमार मंगलम बिड़ला, महिंद्रा एंड महिंद्रा के चेयरमैन आनंद महिंद्रा सहित देश-विदेश के प्रतिनिधियों ने संबोधित किया। इस आयोजन में 10 साझीदार देशों के अलावा 40 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। यह आयोजन 12 फरवरी तक चलेगा। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुरमू मौजूद रहेंगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *