Responsive Menu
Add more content here...
November 24, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

संजय ने फिर दी सियासी घुड़की !

By Shakti Prakash Shrivastva on May 31, 2025
0 339 Views

                                                                                    शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

उत्तर प्रदेश में मजबूती से चल रही योगी आदित्यनाथ वाली बीजेपी सरकार को हाल फिलहाल कोई सियासी संकट होते नहीं दिख रहा है। हालांकि उनकी सरकार में सहयोगी सियासी दल कभी-कभी अपनी बयानबाजी से मीडिया के लिए मसाला उपलब्ध करते हुए बीजेपी की समस्या बढ़ाने का एहसास कराते जरूर दिख जाते हैं। यह अलग बात है कि उत्तर प्रदेश सरकार में शामिल जो भी सहयोगी दल है उनमें किसी की स्थिति ऐसी नहीं कि वो सरकार को किसी भी तरह से अस्थिर करने में समर्थ है। चाहे वो निर्दल इंडियन शोषित हमारा आम दल यानि निषाद पार्टी हो या सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी यानि सुभासपा हो। अपना दल सोनेलाल हो या फिर हो राष्ट्रीय लोकदल इनमे किसी की भी स्थिति ऐसी नहीं है। लेकिन इनमे निषाद पार्टी के मुखिया और प्रदेश के मत्स्य पालन मंत्री डॉ संजय निषाद एक ऐसे सहयोगी है जो हर चुनाव से पहले कोई न कोई ऐसा बयान जरूर देते है जिससे ये लगे कि ये बीजेपी पर अपना दबाव बनाना चाहते है। ऐसे में जबकि एक बार फिर पंचायत चुनाव होना है। उन्होंने ऐसा ही एक बयान दे दिया है। उन्होंने कहा है कि उनकी पार्टी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अपने बलबूते पर लड़ेगी।

डॉ निषाद ने इस तरह का बयान गोंडा में बीते रविवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दी है। उन्होंने कहा कि अब पार्टी को जमीनी स्तर पर अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत करनी है और पंचायत चुनाव संगठन के विस्तार का सर्वोत्तम मंच है।
डॉ निषाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी से उनकी पार्टी का गठबंधन केवल विधानसभा और लोकसभा तक सीमित है। पंचायत चुनावों में निषाद पार्टी अपने जनाधार को सशक्त करेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि ‘हर गांव, हर वार्ड, हर बूथ पर निषाद पार्टी का झंडा लहराना है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों की सफलता 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की निर्णायक भूमिका तय करेगी।

उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अगले साल मई में होने की संभावना है। जातिवार जनगणना और अनुसूचित जातियों के अधिकारों पर निषाद ने तल्ख लहजे में कहा कि जातिवार जनगणना केवल आंकड़ों की नहीं, बल्कि हक और प्रतिनिधित्व की लड़ाई है। उन्होंने जोर दिया कि जब तक मछुआरा समुदाय के सदस्यों की सही संख्या दर्ज नहीं होगी, तब तक उन्हें योजनाओं में उचित भागीदारी नहीं मिलेगी।
संजय निषाद ने मझवार, तुरहा, तारमाली, पासी, शिल्पकार सहित 17 उपजातियों को अनुसूचित जाति में परिभाषित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इन उपजातियों को तत्काल अन्य पिछड़े वर्ग की श्रेणी से हटाकर अनुसूचित जातियों में शामिल किया जाए। मंत्री ने कहा कि मत्स्य योजनाओं में अनुसूचित जातियों को उत्तर प्रदेश में 60 फीसद अनुदान का पूरा लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने ‘मछुआ विज़न डॉक्यूमेंट’ को सरकारी नीति के रूप में लागू करने की मांग भी उठाई।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *