Responsive Menu
Add more content here...
May 20, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

पीडीए के नए अर्थ की सियासत !

By Shakti Prakash Shrivastva on October 27, 2025
0 107 Views

               शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव
उत्तर प्रदेश की सियासत में प्रमुख विपक्ष की भूमिका रखने वाली समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव अपने पीडीए यानि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण की बदौलत देश की सियासत में अपना लोहा मनवा चुके हैं। बीते लोकसभा चुनाव का परिणाम इसका उदाहरण है। इसी सियासी समीकरण की बदौलत सपा ने उस बीजेपी को जमीनी सच्चाई का एहसास कराया जिसे तीसरी बार केंद्र में अपनी बहुमत की सरकार बनाने में तनिक संशय नहीं लग रहा था। लेकिन जब परिणाम आया तो हुआ ऐसा कि सरकार बनाने के लिए उसे सहयोगी दलों की मदद लेने तक की मजबूरी हो गई। इन दिनों उत्तर प्रदेश के बदलते सियासी परिदृश्य में पोस्टरों-होर्डिंगों की सियासत बहुत तेजी से सुर्खियां बटोर रही है। लखनऊ में सपा कार्यालय पर लगे एक होर्डिंग में पीडीए को पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक की बजाय अब इसका नया अर्थ प्रगतिशील, दूरदर्शी और अमनपसंद के रूप में दर्ज किया गया है। इस होर्डिंग ने सियासी चर्चा के लिए एक नया मुद्दा दे दिया है।
उत्तर प्रदेश में हालांकि विधानसभा का चुनाव अभी लगभग डेढ़ वर्ष दूर है। लेकिन प्रदेश में सियासी गतिविधियां अभी से आकार लेने लगी है। बीएसपी ने अरसे बाद एक विशाल रैली के माध्यम से अपनी सियासत का आगाज कर दिया है। सपा ने इसके लिए पोस्टरों का सहारा लिया है। यही वजह है कि पोस्टरों में सपा अपनी भड़ास अलग-अलग अंदाज में निकाल रही है। इस बार कार्यालय के सामने जो होर्डिंग लगाई गई है उसमें जहां पीडीए को नए ढंग से पारिभाषित किया गया है वही डबल इंजन की सरकार की शब्दावली भी बदली है। प्रदेश में पोस्टरों वाली सियासत को सियासी दलों द्वारा खासा बढ़ावा या ये कहें उन्हे प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष से खासा प्रोत्साहित भी किया जा रहा है। अब इस बार सपा कार्यालय पर लगा होर्डिंग भी अपने विशिष्ट कंटेन्ट की वजह से सुर्खियों में है। इस होर्डिंग में समाजवादी पार्टी ने 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने को लेकर नया लुक जारी किया है। इसको लेकर राजनीतिक चर्चा खूब गरमाई हुई है। समूचे देश में जहां बीजेपी की तरफ से डबल इंजन की सरकार को विकास की कुंजी के रूप में प्रचारित-प्रसारित किया जा रहा है। वहीं इसके जवाब में समाजवादी पार्टी द्वारा प्रबल इंजन सरकार का नारा दिया गया है। सपा ने अखिलेश यादव के पिछड़ा, दलित अल्पसंख्यक यानी पीडीए की सियासत को लेकर भी बड़ा दावा किया है। यह दावा पार्टी की ओर से 2027 में पीडीए यानी प्रगतिशील, दूरदर्शी और अमनपसंद सरकार उत्तर प्रदेश में बनाने का है। यह सभी संदेश इस होर्डिंग में दर्शाये गए हैं।
चूंकि उत्तर प्रदेश की समूची सियासत सपा और बीजेपी के इर्द-गिर्द ही रहती है। लिहाजा प्रदेश कार्यालय के बाहर लगाया गए इस होर्डिंग ने सोशल मीडिया से लगायत सियासी गलियारे तक में धूम मचा दिया है। होर्डिंग में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को एक ट्रेन चलाते हुए दिखाया गया है और उसके साथ लिखा है, फिर से चलेगी समृद्धि की बयार, जब 2027 में आएगी प्रबल इंजन सरकार। यह होर्डिंग संतकबीर नगर के मेंहदावल विधानसभा सीट के जयराम पांडेय की ओर से लगाया गया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *