नयी दिल्ली,(ब्यूरो संवाददाता)। कोरोना संक्रमण ने दिल्ली में अब अपनी रफ्तार को लगाम लगाना शुरू कर दिया है। यही वजह है कि देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना का संक्रमण अब काफी हद तक कम हो गया है। संक्रमण की दर 3 फीसदी से नीचे आ गई है। इसके बावजूद सीएम अरविंद केजरीवाल ने लॉकडाउन को एक हफ्ते यानी 31 मई तक के लिए एक बार फिर बढ़ा दिया है। उनका मानना है कि यदि आगे ऐसे ही रहा तो अनलाक किया जा सकता है।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि दिल्लीवासियों की राय के अनुसार लॉकडाउन को एक सप्ताह के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। लॉकडाउन अगले सोमवार 31 मई की सुबह पांच बजे तक प्रभावी रहेगा और इसमें पहले की तरह प्रतिबंध जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पिछले 24 घंटें में दिल्ली में कोरोना के 1600 नए मरीज सामने आए हैं। इस दौरान संक्रमण दर केवल 2.5 फीसदी रही जो एक समय 36 फीसदी तक पहुंच गया था। उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह केस घटता रहा तो 31 मई से लॉकडाउन में राहत दी जा सकती है।