नई दिल्ली(एजेंसी)- राजधानी दिल्ली के जयपुर गोल्डन हॉस्पिटल में ऑक्सीजन के कमी से कोरोना संक्रमित 20 मरीजों की मौत हो गई है। जयपुर गोल्डन अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ बलूजा का फोन रिकॉर्ड है जिसमें वह कह रहे हैं कि ऑक्सीजन तकरीबन 7 घंटे देरी से मिली जिसके चलते 20 कोरोना के मरीजों की मौत हुई है। ये सभी 20 मरीज क्रिटिकल कंडीशन वाले थे।उधर, राजधानी दिल्ली के बत्रा हॉस्पिटल में भी ऑक्सीजन का संकट गहरा गया था। यहां भी ऑक्सीजन लगभग खत्म हो गया है। अस्पताल के एमडी ने प्रशासन से तत्काल ऑक्सीजन मुहैया कराने की गुहार की । हालांकि इसके बाद ऑक्सीजन का टैंकर अस्पताल पहुंचा तो सबने राहत की सांस ली।
दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी
हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर का कहना है कि सरकार की तरफ से अस्पताल को 3.5 मीट्रिक टन ऑक्सीजन अलॉट की गई है, जिसको कल (शुक्रवार) से फिर रीफिल होना था लेकिन देर रात रीफिल नही हुई। शुक्रवार की रात मात्र 1500 लीटर रीफिलिंग की गई थी, जिसकी वजह से अस्पताल के पास ऑक्सीजन खत्म हो गई और 20 कोविड मरीजों की मौत हो गई।आपके बता दें कि कोरोना के चलते अस्पतालों में मरीजों की काफी भीड़ है और ऑक्सीजन की कमी के चलते मरीजों की जान जा रही है। ऐसे में आपात स्थिति में ऑक्सीजन की आपूर्ति की इंतजाम किए जा रहे हैं।राजधानी के दो और निजी अस्पतालों ने कोरोना के गंभीर मरीजों के इलाज के लिए ऑक्सीजन की तत्काल सप्लाई की मांग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खट खटाया है।दिल्ली के ब्रैम हेल्थ केयर लिमिटेड और बत्रा अस्पताल और मेडिकल रिसर्च सेंटर ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा कि ऑक्सीजन की जरूरत को पूरा करने के लिए पहले नोडल अधिकारी से संपर्क करें।वही ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए रेलवे और वायुसेना की मदद ली जा रही है। इसी के तहत रेलवे की एक ऑक्सीजन एक्सप्रेस कल बोकारो से रवाना होने के बाद शनिवार की सुबह करीब 6.30 बजे लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर पहुंची। आधिकारिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर बोकारो से रवाना हुई ऑक्सीजन एक्सप्रेस 30,000 लीटर तरल चिकित्सीय ऑक्सीजन लेकर लखनऊ आई है।