भोपाल, (संवाददाता) सीबीएससी और आईसीएसई के बाद अब मध्य प्रदेश बोर्ड ने भी कक्षा 12वीं की परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया है। इस संदर्भ में राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की ज़िंदगी हमारे लिए अनमोल है। इसलिए हमने तय किया है कि मध्यप्रदेश में 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएँ इस वर्ष अयोजित नहीं की जाएंगी।
मध्य प्रदेश बोर्ड की कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं को रद्द किये जाने घोषणा के साथ ही मुख्यमंत्री ने रिजल्ट तैयार किये जाने के सम्बन्ध में भी जानकारी दी। उनकी मुताबिक इसके लिये मंत्रियों का एक समूह बना दिया गया है जो विशेषज्ञों से बात कर रिजल्ट का तरीका तय करेगा। अगर 12 वीं का कोई बच्चा बेहतर परिणाम या सुधार के लिये परीक्षा देना चाहेगा तो उसके लिये विकल्प खुला रहेगा।
मुख्यमंत्री द्वारा दिये गए इस जानकारी के बाद बोर्ड भी इस संबंध में ऐलान करेगा। इसके अलावा बीते दिन यानी कि 1 जून को केंद्र सरकार ने सीबीएसई 12वीं की परीक्षाएं कोरोना वायरस की स्थिति को देखते हुए रद्द कर दी थीं। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने कहा कि अब राज्यों के पास भी 12वीं परीक्षा रद्द करने का विकल्प होगा।। हालांकि 12वीं परीक्षा रद्द किए जाने को लेकर राज्यों पर कोई बाध्यता नहीं होगी। इसके बाद ही संभावना जताई जा रही है कि परीक्षाएं आयोजित रद्द कर दी जाएंगी। मध्य प्रदेश बोर्ड की तरफ से 10वीं की परीक्षाएं 30 अप्रैल से, जबकि 12वीं की परीक्षाएं एक मई से आयोजित की जानी थीं, लेकिन बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से बोर्ड ने पहले 10वीं परीक्षाओं को कैंसिल कर दिया था।