Responsive Menu
Add more content here...
November 24, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

यूपी में विपक्ष की किचकिच!

By Shakti Prakash Shrivastva on November 24, 2026
0 4 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच विपक्षी खेमे में अभी से हलचल तेज हो गई है। सत्ता पक्ष को चुनौती देने की रणनीति बनाने के बजाय विपक्षी गठबंधन के प्रमुख घटक दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर आपस में ही किचकिच शुरू हो गई है। दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर चल रही बैठक के बीच एक दिन पहले जहां कांग्रेस ने 130 सीटों की लिस्ट थमाई थीं, वहीं सपा ने मंगलवार को महज 26 सीटों का प्रस्ताव रखकर मोल भाव को ही मुश्किल बना दिया है। सीटों के इस भारी अंतर ने विपक्षी खेमे में उस सियासी खतरे की घंटी बजा दी है, जिसका खामियाजा महागठबंधन पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव में भुगत चुका है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों दलों के बीच चुनाव से पहले ही सीटों को लेकर शुरू हुई यह खींचतान आगे क्या रूप लेती है?

दरअसल, उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी खुद को मुख्य विपक्षी दल के रूप में स्थापित मानती है। वहीं कांग्रेस भी प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए अधिक सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। कांग्रेस का मानना है कि लोकसभा चुनाव में मिले जनसमर्थन के बाद विधानसभा चुनाव में उसे सम्मानजनक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। दूसरी तरफ सपा का जोर इस बात पर है कि सीटों का बंटवारा जमीनी स्थिति, संगठन की मजबूती और संबंधित क्षेत्र में उम्मीदवार की जीतने की क्षमता के आधार पर होना चाहिए।

सीटों को लेकर दोनों दलों की अलग-अलग दावेदारी ने गठबंधन के भीतर असहज स्थिति पैदा कर दी है। कांग्रेस जहां ज्यादा सीटों पर अपनी दावेदारी पेश कर रही है, वहीं सपा अपने राजनीतिक प्रभाव और संगठनात्मक ताकत के आधार पर सीटों का बंटवारा चाहती है। दोनों दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी और दावेदारी से यह साफ है कि गठबंधन के भीतर सब कुछ सहज नहीं चल रहा है।

इस किचकिच का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं की अपनी-अपनी दावेदारी है। कई सीटें ऐसी हो सकती हैं, जहां दोनों दलों के नेता चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हों। ऐसे में किसी एक दल को सीट मिलने पर दूसरे दल के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आ सकती है। गठबंधन के नेतृत्व के सामने इस नाराजगी को संभालना भी बड़ी चुनौती होगी।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, विपक्षी दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती आपसी विश्वास और तालमेल बनाए रखने की है। लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा था और गठबंधन को अच्छी सफलता मिली थी। इसी अनुभव के आधार पर दोनों दल विधानसभा चुनाव में भी साथ रहने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन लोकसभा और विधानसभा चुनाव की परिस्थितियां अलग होती हैं। विधानसभा चुनाव में हर क्षेत्र का स्थानीय समीकरण, जातीय संतुलन, उम्मीदवार की लोकप्रियता और संगठन की सक्रियता महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर चल रही खींचतान का असर गठबंधन के दूसरे सहयोगियों पर भी पड़ सकता है। यदि समय रहते सीटों का मसला नहीं सुलझा तो कार्यकर्ताओं के बीच असमंजस की स्थिति पैदा हो सकती है। वहीं भाजपा को विपक्षी एकता पर सवाल उठाने का मौका भी मिल सकता है।

फिलहाल दोनों दलों के सामने बातचीत के जरिए रास्ता निकालने की चुनौती है। सपा को कांग्रेस की राजनीतिक अपेक्षाओं का ध्यान रखना होगा तो कांग्रेस को भी प्रदेश की जमीनी राजनीतिक परिस्थितियों को समझना होगा। अंततः गठबंधन की सफलता केवल सीटों की संख्या पर नहीं, बल्कि आपसी सम्मान, भरोसे और साझा रणनीति पर निर्भर करेगी।

अब देखना यह है कि सपा और कांग्रेस सीटों की इस किचकिच को बातचीत से सुलझाकर एकजुट विपक्ष का संदेश दे पाते हैं या फिर चुनावी तैयारियों के बीच यह खींचतान गठबंधन की एकता के लिए नई चुनौती बनती है।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *