Responsive Menu
Add more content here...
November 26, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

बीजेपी की पसंद ‘पसमांदा’!

By Shakti Prakash Shrivastva on July 26, 2023
0 547 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

                           राजनीति जो न करादे वो कम ही है। राजनीति के जानकार भी मानते है कि राजनीति का कोई स्थायी धर्म-ईमान नही होता है। यहाँ सब कुछ व्यापार के हिसाब से नफा-नुकसान आधारित होता है। किसी राजनेता के लिए उसकी पार्टी तभी तक उसकी है जब तक उसे उससे अपेक्षित लाभ की प्रतिपूर्ति हो रही है। जिस दिन उसे लगे कि उससे अधिक लाभ उसको दूसरे दल से मिल सकता है तो बिना अवसर गँवाए वो उस दल में जाने का इंतजाम करने के प्रयास में लग जाता है। यही फार्मूला ठीक इसके उलट भी लागू होती है। यानि कि किसी राजनीतिक दल को किसी नेता से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तौर पर फायदा हो रहा है तो वो उसको अपने साथ रखती है उसे टिकट देती है चुनाव लड़वाती है नेता बनाती है लेकिन जिस दिन उसकी उपयोगिता नहीं रह जाती है उसे अछूत की तरह दल से निकाल बाहर कर देती है। सबसे ताजा उदाहरण के लिए उत्तर प्रदेश समेत केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी जैसे दल को ही देखें अपनी राजनीति में मुसलमानों के लिए कोई कोना खाली न रखने वाली पार्टी आज पसमांदा मुसलमानों के जरिये मुसलमानों को साधने के लिए सारे सियासी कील-कांटा दुरुस्त करने में लगी हुई है।

देश में साल भीतर लोकसभा के चुनाव होने हैं। बीजेपी की निगाह यूपी के अस्सी लोकसभा सीटों पर विशेष है। वो चाहती है कि ये सभी सीटें उसी की झोली में जाएँ। पूरी नहीं तो कम से कम अधिकांश सीटों पर उसका कब्जा हो। यही वजह है कि पार्टी अपने पुरानी नीति और नीयत में बदलाव करते हुए मुसलमानों खासकर पसमानदा मुसलमानों को लोकसभा चुनाव तक अपने पाले में कर लेना चाहती है। इसके लिए पार्टी इसी महीने 27 जुलाई से प्रदेश में ‘पसमांदा स्नेह यात्रा’ की शुरुआत करने जा रही है। पसमानदा मुसलमानों को जोड़ने वाली यह यात्रा गाजियाबाद से शुरू होकर यूपी के सभी मुस्लिम बाहुल्य इलाकों से होकर गुज़रेगी। यूपी में यात्रा पूरी होने के बाद मिले फीडबैक पर पार्टी इस यात्रा को देश के अन्य राज्यों में भी ले जाएगी।

प्रदेश में हुए निकाय चुनाव में पार्टी ने इस बार रिकार्ड 391 मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था। इनमें 61 मुस्लिम प्रत्याशियों ने जीत भी दर्ज की। पार्टी के 5 मुस्लिम प्रत्याशी चेयरमैन भी बने। इतना ही नहीं पार्टी ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के कुलपति रहे प्रो. तारिक मंसूर को अपने कोटे से विधान परिषद का सदस्य भी बनाया। इधर देखा जा रहा है कि निकाय चुनाव में मिले अप्रत्याशित नतीजे से उत्साहित पार्टी लगातार मुस्लिम उम्मीदवारों पर अपना विश्वास जता रही है। बीजेपी की निगाह प्रदेश के उन 29 लोकसभा सीटों पर है जो मुस्लिम बाहुल्य हैं। प्रदेश के लगभग 4 करोड़ मुसलमानों में सबसे अधिक आबादी पसमांदा मुसलमानों की ही है। वैसे भी प्रदेश की कुल आबादी में पसमांदा मुस्लिम लगभग 18% हैं। इसलिए ‘पसमानदा स्नेह यात्रा’ के जरिए पार्टी न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि बिहार, राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, केरल, आंध्र प्रदेश, असम जैसे राज्यों में भी राजनीति साधने की कोशिश कर रही है। पसमांदा मुसलमानों में सैफी,अंसारी, अल्वी, कुरैशी, मंसूरी, इदरीसी, सलमानी, रायन, भटियारा, मोची, मनिहार, पैमादी, गुर्जर, राजगीर, गद्दी, मेवाली, रंगरेज, भड़भूजा, नालबंद, धोभी, शाह, फकीर, हम्माल, जुलाहा और शिशगर जैसी कुल 20 से ज्यादा जातियां हैं। एजेंसी सीएसडीएस-लोकनीति द्वारा 2022 में कराये गए एक सर्वे 2022 के मुताबिक 8% पसमांदा मुस्लिमों ने  पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी को वोट दिया था। प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीते कुल 34 मुस्लिम विधायकों में 30 विधायक पसमांदा हैं।

यही वजह है कि प्रदेश के 45% मुस्लिम आबादी वाली रामपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी को जहां 42 हजार वोटों से जीत मिली थी वहीं मुस्लिमों के गढ़ माने जाने वाले आजमगढ़ उप-चुनाव में भी 13 साल बाद पार्टी को कमल खिलाने का अवसर मिला। इस तरह सिद्धान्त के विपरीत जाकर मुसलमान खासकर पसमानदा मुसलमानों को अपने पक्ष में करने की कवायद के पीछे पार्टी की मंशा साफ है कि इस बार केंद्र में सरकार बनाने के लिए पार्टी कोई कोर कसर छोड़ना नहीं चाहती है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *