Responsive Menu
Add more content here...
April 13, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

आलाकमान के खिलाफ वरुण की हुंकार !

By Shakti Prakash Shrivastva on September 26, 2023
0 361 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

                             उत्तर प्रदेश में बीजेपी के इकलौते सांसद है वरुण गांधी जो अपनी ही सरकार के खिलाफ हमलावर रहते हैं। इसके नाते वो लगातार सुर्खियों में भी बने रहते हैं। पीलीभीत से बीजेपी सांसद वरुण गांधी के तेवर से ऐसा लगता है कि वो पार्टी से बगावत के मूड में हैं। इस बार फिर उनका ऐसा ही तेवर देखने को मिला जब वो सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र पीलीभीत पहुंचे। कुतुबपुर गाँव में अपने स्वागत से अभिभूत वरुण गांधी ने कहा कि मैं किसी से डरता नहीं। जनता के हक की आवाज उठाता हूँ और आगे भी हमेशा उठाता रहूंगा। उन्होंने कहा कि मैं अकेला ऐसा सांसद हूं, जो जनता के हक की आवाज उठाता हूं। जबकि कुछ लोग राजनीति ठेकेदारी में चला रहे हैं। बीजेपी सांसद वरुण गांधी संभवतः पार्टी के इकलौते ऐसे सांसद है जो लगातार पार्टी लाइन की अवहेलना करते दिख जाते हैं। वो अपनी ही पार्टी की उन नीतियों को जिनसे वो इत्तफाक नहीं रखते हैं कड़ी समीक्षा करते हैं। वो इस बात की कत्तई परवाह नहीं करते हैं कि उनके इन बयानों व व्यवहार से पार्टी क्या सोचती है। उन्हे जो बेहतर लगता है उसे वो बिंदास बोलते हैं। बीजेपी सांसद वरुण गांधी के अपने संसदीय क्षेत्र पीलीभीत के बहेड़ी इलाके में पहुंचने पर सोमवार को उनके समर्थकों ने गांव कुतुबपुर में जोरदार स्वागत किया। भव्य स्वागत से अभिभूत सांसद ने इसके बाद गांव न्यामतपुर, कनकपुरी, ढाकिया ठाकुरान मोहम्मदपुर, मदनापुर, पदमी गुलड़िया, जाम अन्तरामपुर, लखनपुर, बकौली, उनई आदि गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होने ग्रामीण जनता से न केवल मुलाकात की बल्कि उनकी समस्याओं को भी सुना।

बातचीत के दौरान देश में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर तल्ख दिखे सांसद। उन्होने कहा कि यह दीमक की तरह देश को चाट रहा है। उन्होने यह भी कहा कि देश में सबको अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा मुफ्त में मिले। अच्छी सड़कें हों। जो लोग आज अपने बच्चों के पालन-पोषण को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, आगे उनके बच्चों को संघर्ष न करना पड़े। संस्कारों के बाबत उदाहरण देते हुए उन्होने कहा कि हालत ऐसे हैं कि एक बुजुर्ग को अपने बेटे की उम्र के अधिकारी को साहब कहना पड़ता है, जबकि अफसर का वेतन जनता की जेब से जाता है। सांसद ने कहा कि अगर ईमानदारी और देशभक्ति के लिए समय से आवाज नहीं उठाई गई तो हमारे देश में हमेशा के लिए लोकतंत्र शांत हो जाएगा। इसलिए जनता का आह्वान करते हुए उन्होने कहा कि जनता को अपने हक की आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह देश मेरा भी है सो मैं क्यों डरूं और किससे डरूँ। जनता के हक की आवाज उठाता हूँ और आगे भी ऐसे ही उठाता रहूंगा। सांसद वरुण गांधी अपने दो दिवसीय संसदीय क्षेत्र के दौरे के दौरान ही अपने प्रतिनिधियों की नियुक्त की। उन्होने पूरे पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र में कुल 811 प्रतिनिधि बनाए हैं।

ऐसा करते हुए सांसद ने अपने लोकसभा क्षेत्र पीलीभीत-बहेड़ी के सभी विकास खण्डों, नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में अपने प्रतिनिधियों की नियुक्तयां की हैं। बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक बहेड़ी, दामखोदा व शेरगढ़ सहित बहेड़ी नगर पालिका व क्षेत्र की नगर पंचायतों में 78 प्रतिनिधि नियुक्त किए हैं। इस तरह संसद ने लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां अभी से शुरू कर दिया है। हालांकि पार्टी आलाकमान की तरफ से कोई ऐसा संकेत नहीं मिल रहा है कि वरुण का टिकट कट सकता है लेकिन सियासी जानकार मानते हैं कि जो तल्खी और जो रवैया वरुण गांधी का पिछले कुछ समय से देखा जा रहा है। उस आधार पर कहा जा सकता है कि पार्टी ऐसा भी कर सकती है कि इस बार उनका टिकट काट दे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *