Responsive Menu
Add more content here...
June 8, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

मायावती को समझ आ गयी अपनी गलती !

By Shakti Prakash Shrivastva on October 15, 2024
0 366 Views

                                                                                         शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव
कई बार उत्तर प्रदेश जैसे बड़े सूबे की मुख्यमंत्री रही बीएसपी सुप्रीमो मायावती सियासी गलियारे में अपने अलग जुनूनी प्रवृत्ति के लिए जानी जाती हैं। समय के साथ सियासत में आए बदलाव को भी मायावती ने कभी अपने लिए नोटिस नहीं लिया। चुनावों में लगातार मिल रही हार से भी उन्होने कोई सबक नहीं ली। लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद हरियाणा विधानसभा में मिली हार से आहत मायावती अब अपनी सोच बदलने को तैयार हो गयी है। यही वजह है कि जो मायावती कभी सोशल मीडिया को बहुत भाव नहीं देती थी अब उसके प्रयोग करने की छूट देने को तैयार है। प्रत्येक जिले में अब उनकी पार्टी बीएसपी अपना आई टी सेल बनाने जा रही है। प्रदेश में उनकी प्रतिद्वंदी बीजेपी और समाजवादी पार्टी के पास पहले से ही व्यवस्थित और समर्थवान आई टी की टीम है।
बीएसपी सुप्रीमो मायावती को जब तक खुद किसी की अहमियत का अहसास नहीं होता है तब तक वो किसी की राय-मशविरे पर बिलकुल ध्यान नहीं देती है। समय के साथ-साथ भले ही प्रदेश में सियासत करने वाली बीजेपी, कांग्रेस और सपा जैसी सभी पार्टियों ने अपने यहाँ सोशल मीडिया सेल बना लिया लेकिन बीएसपी ने इसे नहीं अपनाया। अब जब लोकसभा चुनाव और उसके बाद हरियाणा चुनाव में पार्टी को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा है तब पार्टी खासकर मायावती को यह एहसास हुआ है कि वाकई कहीं न कही सोशल मीडिया का सहयोग न लेकर उन्होंने बड़ी गलती की है। अपनी इस गलती को सुधारते हुए अब तक सोशल मीडिया से दूर रहने वाली बीएसपी ने यह निर्णय लिया है कि वो अपने यहाँ मजबूत सोशल मीडिया टीम बनाएगी। यहाँ तक कि प्रत्येक जिले में भी एक टीम बनाई जाएगी। इस टीम की मॉनिटरिंग खुद पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद करेंगे।
बीएसपी अभी तक परंपरागत सियासी रणनीति और उसके उपायों के बलबूते सियासत करने की पक्षधर रही है। लेकिन जब मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने ज़िम्मेदारी संभाली तभी अक्टूबर में पार्टी ने सोशल मीडिया में अपनी आमद करा दी थी। लेकिन सोशल मीडिया की इस उपस्थिति का कुछ खास फायदा पार्टी को नहीं मिल रहा था। क्योंकि वो खाली सुप्रीमो मायावती का माउथ पीस बन कर रह गया था। लेकिन अब पार्टी में इसको लेकर बदलाव होगा जो दिखेगा भी। हर जिले में बनने वाले मीडिया टीम की ज़िम्मेदारी होगी की अन्य दलों के नेताओं द्वारा किए जा रहे टिप्पणियों का सोशल मीडिया पर जवाब दे। इस संबंध मे पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद की तरफ से सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों को एक दिशा-निर्देश भी जारी किया जा चुका है।
बीएसपी के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद को अब नए सिरे से युवाओं को पार्टी से जोड़ने की ज़िम्मेदारी भी दी गयी है। इसमें पार्टी की यू-ट्यूब और सोशल मीडिया के हर प्लेटफार्म पर उपस्थिति के साथ पार्टी की वेबसाइट को नया कलेवर देना भी है। अब पार्टी नए सिरे से युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए मिस कॉल सेवा भी शुरू करने जा रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *