मुंबई, (ब्यूरो)। देश के अन्य राज्यों की तरह कोरोना संक्रमण के बीच ब्लैक फंगस मरीजों की बढ़ती संख्या ने महाराष्ट्र सरकार की भी नींद उड़ा दी है। इसके केस लगातार बढ़ रहे है। सरकार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अन्य राज्यों की भांति ब्लैक फंगस को महामारी घोषित कर दिया है। इस समय राज्य मे इसके 2245 मामले हैं। इसकी जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दी है।
ब्लैक फंगस के मरीजों को मुफ्त इलाज
मंत्री ने राज्य में कोरोना की स्थिति के बार में बताते हुए कहा कि वर्तमान में कोविड पॉजिटिव रेट 12% प्रतिशत है। साथ ही उन्होंने रिकवरी रेट 93 प्रतिशत होने की बात कही है। मंत्री श्री टोपे ने कहा कि राज्य में ब्लैक फंगस के 2,245 मामले हैं। महात्मा ज्योतिबा फुले जन आरोग्य योजना के तहत, इसके मरीजों को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज मिलेगा। आपको बता दें कि महाराष्ट्र सरकार ने ब्लैक फंगस को नोटिफाइड बीमारी के रूप में घोषित किया है। टीकाकरण की स्थिति के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि हमें वैक्सीन खरीद के लिए वैश्विक निविदा पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। हम केंद्र सरकार से निविदा जारी करने और हमें टीके उपलब्ध कराने का अनुरोध किया हैं।