रायपुर, (ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ सरकार ने कोरोना संक्रमण के केसेस की संख्या में लगातार आ रही गिरावट को देखते हुए राज्य में लाकडाउन के प्रतिबंधों में ढील देने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत पहली जून से राज्य में होटल,बार और क्लब खोलने की इजाजत दी गयी है। लेकिन संक्रमण दर 5 प्रतिशत या उससे अधिक वाले जिलों में पूर्व की भांति सख्ती जारी रहेगी।
सरकार के इस आदेश के तहत छूट फिलहाल 18 जिलों को ही मिलेगी जहां या तो संक्रमण की दर 5% या उससे कम है। हालांकि रायगढ़, जांजगीर, सूरजपुर जैसे जिले जहां संक्रमण दर 5% से ज्यादा है वहां पहले की तरह ही सख्ती जारी रहेगी। वहीं प्रदेश में पहले की तरह दुकानों को शाम 6 बजे के बाद खोलने की अनुमति नहीं होगी और रविवार को पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। इसके अलावा जिन जिलों में 5% से कम कोरोना का संक्रमण दर है, वहां के लिए कुछ रियायतें जरूर दी हैं। नारायणपुर, बेमेतरा, दुर्ग, कबीरधाम, राजनांदगांव और कांकेर जिलें में अभी संक्रमण की दर 2% है। कोरबा जिले में 3%, बिलासपुर, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, सरगुजा, सुकमा,बीजापुर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में 4%, बलरामपुर, दंतेवाड़ा और जशपुर जिले में अभी 5% है। सरकार ने अपनी गाइडलाइन में सख्ती से कहा है कि इन छूट के बावजूद लोगों को कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन करना होगा। वहीं सभी जिलों में व्यापारियों को ज्यादा से ज्यादा होम डिलीवरी पर जोर देने की भी बात सरकार के आदेश में कही गई है।