Responsive Menu
Add more content here...
April 23, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

गदर-2 ने मचाया गदर

By Shakti Prakash Shrivastva on August 22, 2023
0 379 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

                          चंद वर्षों पहले देश ही नहीं दुनिया भर में कोरोना एक महामारी बनकर आईं और कइयों जिंदगियों को असमय लीलते हुए कई स्थापित मूल्य-मान्यताओं की परिभाषा बदल कर उन्हे बदहाल कर गायब हो गई। बदहाल क्षेत्रों में एक मायानगरी मुंबई भी रही। यहाँ की मायावी प्रस्तुतियों यानि फिल्मों पर कोरोना के चलते ऐसा ग्रहण लगा कि सरकारी नीतियों और समय चक्र के बदलते परिवेश के चलते पहले सिंगल विंडो स्क्रीन विलुप्त हुए फिर मल्टी स्क्रीन के परदों से भी दर्शक विमुख होते चले गए। बड़ी-बड़ी लागत वाली फिल्मों की जगह कम बजट वाली ओटीटी प्लेटफार्म के लिए बनी फिल्मों ने ले ली।

समूचे फिलमोद्योग में हजारों-हजार करोड़ों की फिल्मे बनाने और प्रचारित-प्रसारित कर उनसे कई गुना मुनाफा अर्जित करने वालों का तो जीना मुश्किल हो गया। स्थितियाँ पूर्व की भांति सामान्य हो इस प्रत्याशा में फिल्म व्यवसाय से जुड़े लोगों का एक-एक दिन बीतने लगा। इसी बीच एक ऐसी फिल्म आई जिसने एक झटके में नाउम्मीदी माहौल के बीच उम्मीदों के पंख लगा दिए। फिल्म आई गदर-2 जिसने सिने प्रेमियों के बीच गदर मचा दिया। गदर-2 नाम की इस फिल्म ने OTT से संघर्ष में घिस रहे फिल्मोंद्योग को नई संजीवनी दे दी। फिल्म की कथानक में जिस तरह से गदर के बीच से प्रेम परवान चढ़ा ठीक उसी तरह से सिनेमा उद्योग भी दशकों की दुश्वारी के बाद लहलहाने लगा। फिल्म ने शुरुआती बिजनेस के सारे पूर्ववर्ती रिकार्ड तोड़ते हुए अपने अस्तित्व के लिए हांफ रहे सिंगल स्क्रीन सिनेमा को पैसे से मालामाल कर दिया। इस फिल्म के व्यापार न केवल उद्योग को जिंदा कर दिया है बल्कि सिंगल स्क्रीन सिनेमा को उसके सुनहरे दौर की यादों को लौटा दिया है। तहजीब के शहर लखनऊ की यदि बात करें तो एक समय था जब यहाँ 29 सिंगल स्क्रीन सिनेमा हॉल हुआ करते थे। वक्त के थपेड़ों को झेलते-झेलते इनकी संख्या अब मात्र 6 रह गई है। जो बचे हैं, वो भी अपने अस्तित्व पर इतरा रहे हैं, क्योंकि गदर-2 ने सिनेमा हॉल संस्कृति को नया जीवन दे दिया है।

इस फिल्म को 11 अगस्त को रिलीज किया गया। दर्शकों को यह फिल्म इतनी पसंद आई कि गली मोहल्लों तक में इसकी चर्चा शुरू हो गई। हालात ऐसे बन गए कि जितने लोग हॉल में थे। उससे ज्यादा अपनी बारी के इंतजार में हॉल के बाहर लोगों की वेटिंग लाइन। विधानसभा गेट नंबर-5 के सामने वाले प्रतिभा सिंगल स्क्रीन सिनेमा हॉल में  तो ऐसी भीड़ उमड़ी कि 12 अगस्त को आधी रात में पुलिस बुलानी पड़ गई। आखिरी बार किसी सिंगल स्क्रीन सिनेमा के सामने क्राउड कंट्रोल के लिए पुलिस कब बुलानी पड़ी थी न तो ये हॉल संचालकों को याद है और न ही पुलिस महकमे को। बीते दिन तक लखनऊ में इस फिल्म ने 1 करोड़ से ज्यादा का कारोबार कर लिया है। सिंगल स्क्रीन सिनेमा हॉल का जलवा देखकर मल्टी स्क्रीन वाले मालिक भी हैरान है। पुराने दौर ने खुद को ऐसा दोहराया है कि कलेक्शन के आंकड़ों का हिसाब बहुत संभल कर लगाने की जरूरत आ गई है। दरअसल लखनऊ में 6 हॉल सिंगल स्क्रीन के चल रहे है। उसमें औसतन कहीं भी 700 से कम सीट नहीं है। एक दिन में एक हॉल अगर 4 शो चलाता है, तो उसके यहां प्रतिदिन 2800 लोग मूवी देखते है। 6 हॉल को मिला दिया जाए तो 16800 लोगों ने फिल्म देखी है। एक हफ्ते में यह संख्या 1 लाख 17 हजार 600 तक पहुंच रही है। इसमें 100 रुपए औसत के हिसाब से जोड़ा जाए तो 1 करोड़ 17 लाख से ज्यादा का कारोबार हुआ है। इस हिसाब से हर दिन करीब 17 लाख की कमाई होती है। माना जा रहा है कि एक-एक हॉल ने 19 लाख रुपए के टिकट बेचे है। उमराव सिनेमा के मालिक आशीष अग्रवाल का कहना है, ”बहुत साल बाद बहुसंख्यक वर्ग के लिए कोई फिल्म आई है। जिससे समाज का हर तबका अपने आप को जुड़ा महसूस कर रहा है। इसमें एक ठेले वाले से लेकर रसूखदार व्यक्ति भी इस फिल्म को देखने पहुंच रहा है। रसूखदार तो मल्टी स्क्रीन जा रहा है। लेकिन मल्टी स्क्रीन गरीब और आम आदमी की पहुंच से दूर है। ऐसे में वह सिंगल स्क्रीन की तरफ जा रहा है। प्रतिभा सिनेमा हॉल के मैनेजर राजेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि हम लोग सालों से खाली बैठे थे। गदर फिल्म से सिंगल स्क्रीन सिनेमा हॉल मालिकों में बिजनेस को लेकर एक उम्मीद जागी है। कई दिनों बाद सिनेमा हॉल में इतनी भीड़ देखने को मिली है। इससे पहले पठान में ऐसी भीड़ उमड़ी थी। गदर 2 का सुपर डुपर हिट होना बॉलीवुड के लिए तो अच्छा है ही। सबसे सुखद पहलू यह है कि सिंगल स्क्रीन सिनेमा के दिन अच्छे हो गए। उम्मीद जगी है कि अब कुछ और शानदार फिल्में आएंगी। जो दर्शकों के दिलों पर राज करेंगी और हमारे अतीत के सिंगल स्क्रीन सिनेमा वाली विरासत भी बची रह जाएगी।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *