Responsive Menu
Add more content here...
June 8, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

राहुल पर भड़कीं मायावती !

By Shakti Prakash Shrivastva on April 15, 2025
0 254 Views

                                                                        शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

सियासत की मुख्यधारा में अपनी वापसी का प्रयास कर रही बीएसपी सुप्रीमो मायावती इन दिनों सुर्खियों में रहने का कोई भी अवसर गंवाना नहीं चाहती है। इसी क्रम में पिछले दिनों उन्होंने अपने घोषित उत्तराधिकारी अपने सगे भतीजे आकाश आनंद को न केवल पद से हटाया बल्कि पार्टी से बाहर कर दिया। इसके अलावा भतीजे आकाश आनंद के श्वसुर और बीएसपी के कद्दावर नेता डॉ अशोक सिद्धार्थ को भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगा कर पार्टी से निकाल दिया। अपने नजदीकईयों पर की गई इन कार्रवाइयों से मायावती ने सियासत में यह संदेश देने की कोशिश की है कि उनके लिए पार्टी और दलित हितों से ऊपर कोई नहीं है। इस आधार पर वो किसी को नहीं बख्शती। इन कार्रवाइयों का फायदा ये हुआ कि एक बार फिर मायावती सुर्खियों में आ गई और सियासी गलियारों में यह चर्चा होने लगी कि उनका तेवर अभी भी बरकरार है। पिछले दिनों लोकसभा में वक्फ संशोधन बिल पर संसद में चल रही बहस के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा कुछ न बोलने पर और किसी दल के नेता ने भले ही कोई टिप्पणी नहीं की लेकिन मायावती ने उन्हे नहीं बख्शा। उन्होंने कहा कि संसद में नेता प्रतिपक्ष की चुप्पी समझ से परे है? बिल पर अगर मुस्लिम समुदाय का गुस्सा है तो वो जायज है।

शनिवार को बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस नेता को आड़े हाथों लिया। उन्होंने सीधे तौर पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वक्फ बिल पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का मौन रहना कई तरह के सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि संसद में लंबे समय तक चली बहस के दौरान वक्फ संशोधन बिल पर नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का कुछ न बोलना समझ से परे है।

बीएसपी सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि वक्फ बिल को लेकर मुसलमानों में अगर आक्रोश है तो वो स्वाभाविक है। वक्फ संशोधन बिल पर लोकसभा में चली लंबी बहस मे नेता प्रतिपक्ष द्वारा कुछ नहीं बोलना कितना उचित है? उन्होंने सीएए की तरह संविधान उल्लंघन का मामला होने के विपक्ष के आरोप के बावजूद चुप्पी साधे रखी। इसे लेकर मुस्लिम समाज में आक्रोश एवं विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए में भी बेचैनी स्वाभाविक है।

बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने काँग्रेस और बीजेपी दोनों को ही कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि वैसे भी देश में बहुजनों के हित, कल्याण एवं सरकारी नौकरी व शिक्षा आदि में इन वर्गों के आरक्षण के अधिकार को निष्प्रभावी एवं निष्क्रिय बनाकर इन्हें वंचित बनाए रखने के मामले में कांग्रेस, बीजेपी आदि पार्टियां बराबर की दोषी हैं। धार्मिक अल्पसंख्यकों को भी इनके छलावे से बचना जरूरी है।

सियासी गलियारे में बीजेपी की बी टीम होने तक का आरोप सुनने के बावजूद चुप्पी साधे रखने वाली मायावती हाल में खासकर दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद से खासी मुखर हो गई है। जहां तक राहुल गांधी पर भड़कने का सवाल है तो उसके पीछे कांग्रेस द्वारा लगातार बीएसपी के दलित वोट बैंक में की जा रही सेंधमारी के प्रयास भी एक वजह हो सकती है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *