Responsive Menu
Add more content here...
May 20, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

अतीक के गुर्गे का गुर्गा भी करोड़पति !

By Shakti Prakash Shrivastva on January 24, 2025
0 392 Views

                                                                            शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव
पूर्वी उत्तर प्रदेश का कुख्यात माफिया डान रहा इलाहाबादी अतीक अहमद भले ही आज इस दुनिया में नहीं है लेकिन उसके जरायमी रसूख का प्रमाण अभी भी समय-समय पर मिल रहा है। शासन-प्रशासन की तरफ से लगातार हो रही जांच में अतीक के आतंक से अर्जित मकान-जमीन जैसी संपत्तियाँ पता चल रही हैं। अतीक के अलावा उसके इर्द-गिर्द साये की तरह रहने वाले उसके गुर्गे भी कम नहीं है। उनके पास भी करोड़ों-करोड़ की अवैध सम्पत्तिया मिल रही हैं। हाल ही में प्रयागराज जिला प्रशासन की जांच में अतीक के गुर्गे के भी गुर्गे मतलब गुर्गे के एक नौकर के नाम पर लगभग अस्सी करोड़ की जमीन खरीदे जाने का मामला प्रकाश में आया है। जिला प्रशासन द्वारा मामले की पुष्टि किए जाने के बाद मुकामी पुलिस तहकीकात में जुट गई है।
लगभग तीन दशक से प्रयागराज और उसके इर्द-गिर्द के जिलों में माफिया सरगना अतीक अहमद का जबरदस्त आतंक था। आतंक के बल पर किसी के जमीन-मकान पर कब्जा करने से लेकर अपराध के सभी आयामों में अतीक का इलाके में कोई सानी नहीं था। इस तरह के आतंक से अतीक ने प्रयागराज, लखनऊ, दिल्ली, मुंबई समेत कई जगहों पर करोड़ों-करोड़ बेनामी संपत्तियाँ बना ली थी। अधिकांश स्थानों पर अतीक, उसकी पत्नी, बेटों, भाई अशरफ अशरफ की पत्नी के अलावा अतीक के गुर्गों के नाम पर भी संपत्तियाँ हैं। अतीक की हत्या के बाद से इन संपत्तियों के बारे में प्रशासन को जानकारियाँ मिल रही है और प्रशासन उसके खिलाफ जबतीकरण जैसी आवश्यक कार्रवाईया भी कर रहा है। पिछले दिनों प्रयागराज जिला प्रशासन की जांच में एक चौंकाने वाला मामला पकाश में आया है। इसमे अतीक के गुर्गे के नौकर सूरजपाल के नाम से लगभग अस्सी करोड़ रुपये की कीमत वाली जमीन खरीदी गई है। इस खरीद-फरोख्त की पुष्टि प्रयागराज के जिलाधिकारी की जांच में हुई है।
पिछले दिनों इन्कमटैक्स विभाग ने प्रयागराज जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा माफिया अतीक अहमद की जब्त की गई संपत्तियों का ब्योरा मांगा था। बाकायदे इस बाबत आयकर विभाग की बेनामी यूनिट ने जिला प्रशासन और प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट को पत्र भी भेजा था। खासकर अतीक के गुर्गे अशरफ के नौकर सूरजपाल के नाम पर खरीदी गई इस लगभग 80 करोड़ रुपये कीमत वाली 100 बीघा जमीन के बारे मे जानकारी मांगी थी।
बाद में प्रयागराज जिला प्रशासन द्वारा अतीक की संपत्तियों की जांच में सामने आया कि उसने अपने गैंग के सदस्य मोहम्मद अशरफ, उसके नौकर सूरजपाल के नाम से लगभग 100 बीघा जमीन खरीदी थी। अब इस संपत्ति को बेनामी संपत्ति एक्ट के तहत जब्त करने की तैयारी की जा रही है। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि तमाम बेशकीमती संपत्तियों का मालिक होने के बावजूद सूरजपाल ने अपना आयकर रिटर्न दाखिल नहीं किया था। मूलतः सूरजपाल पावभाजी बेचने और चौकीदारी का काम करता है। हालांकि लगभग डेढ़ साल पहले सूरजपाल के नाम पर खरीदी गईं अतीक की 6 बेनामी संपत्तियों को पहले ही जब्त की जा चुकी है। इन संपत्तियों को 2.38 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। वहीं दूसरी ओर सूरजपाल के नाम पर खरीदी गई कई अन्य जमीनों को बाद में बेचने से मिली रकम को भी आयकर विभाग जल्द जब्त करने की कार्रवाई कर रहा है।
इस तरह दोनों माफिया भाई अतीक-अशरफ की मौत के बाद भी उसकी अर्जित संपत्तियों का इस तरह मिलना इन दोनों भाइयों की जरायमी रसूख के स्तर का एहसास कराता है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *