मुंबई,(ब्यूरो)। महाराष्ट्र में भी कोरोना संक्रमण लगातार कम हो रहा है लेकिन संक्रमितों की हो रही मौतें चिंता का सबब बनी हुई हैं। यहां पिछले 24 घंटे में 24,136 नए मरीज मिले जिनमे 601 लोगों की मौत हुई। राहत की बात यह रही कि बीते दिन 36,176 लोगों ने कोरोना को मात दी। राज्य का रिकवरी रेट भी 92.76% हो गया है। राज्य में अभी खतरा टला नहीं है। राज्य में कोरोना से होने वाली मौतें अभी भी कम नहीं हो रहे हैं। पिछले 2 महीने के दौरान राज्य में 36,554 लोगों की मौत हुई है। जो अब बढ़कर 90,349 तक पहुंच चुकी है। मृत्यु दर बढ़कर 1.6% तक पहुंच गई है। यानी हर 100 संक्रमित मरीज में से 2 की मौत इस वायरस से हो रही है।
इधर लगातार रोजाना 500 से ज्यादा मौतें
पिछले 24 घंटे में भी 600 से ज्यादा लोगों की कोरोना की वजह से जान चली गई। 24 मई को थोड़ी सी राहत जरुर मिली थी, जब यह आंकड़ा 361 था। 19 अप्रैल के बाद से राज्य में रोजाना 500 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 56.26 लाख से ज्यादा लोग कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें से 3.14 लाख मरीजों का अब भी इलाज चल रहा है। बीते 10 दिनों में राज्य में 9,837 लोगों की मौत इस बीमारी से हुई।
अधिक पाजिटिविटी वाले जिलों में होम आइसोलेशन नहीं
स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने मंगलवार को बताया कि कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए हमने राज्य के उन 18 जिलों के मरीजों के लिए होम आइसोलेशन रोकने का फैसला किया है जहां पॉजिटिविटी रेट ज्यादा है। इन जिलों के मरीजों को क्वारैंटाइन सेंटर जाना होगा। दूसरी लहर के दौरान होम आइसोलेशन में रहने वालों की वजह से भी संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई थी।
मुंबई में कोरोना की स्थिति
मुंबई में मंगलवार को 1037 कोरोना के नए केस सामने आए और 1,427 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया। इस दौरान 37 लोगों की मौत भी हुई। इस तरह अब तक 6 लाख 99 हजार 904 लोग मुंबई में कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या अब 6 लाख 55 हजार 425 हो चुकी है। साथ ही 14,708 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।