भोपाल,(ब्यूरो)। देश के अधिकांश राज्यों की तरह मध्य प्रदेश में भी कोरोना संक्रमण अब कमजोर होता जा रहा है। इस महीने की शुरुआत से ही नए केस में हर दिन कमी आ रही है। मंगलवार को 2,189 नए केस मिले। एक्टिव केस का आंकड़ा घटकर 44 हजार से नीचे आ गया है। प्रदेश में 10 मई को मरीजों की संख्या 1 लाख 11 हजार से ज्यादा पहुंच गई थी, लेकिन इसके बाद से हर दिन एक्टिव केस कम होते जा रहे हैं। संक्रमण दर भी घटकर 3% से नीचे आ गई है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक स्थिति नियंत्रण में
विश्व स्वस्थ्य संगठन की गाइड लाइन के मुताबिक संक्रमण दर 3% ही होना चाहिए। यानी मध्य प्रदेश में अब कोरोना संक्रमण नियंत्रण में आ गया है। प्रदेश में इंदौर, भोपाल और सागर ही ऐसे जिले हैं, जहां 100 से ज्यादा नए संक्रमित मिले हैं। 5% से अधिक संक्रमण की दर है। इंदौर में 423, भोपाल में 433 व सागर में 108 नए संक्रमित मिले हैं। ग्वालियर में 88 केस मिले हैं। इससे पहले यहां 30 मार्च को 107 केस मिले थे। इसके बाद हर दिन आंकड़ा बढ़ता गया। वहीं प्रदेश में छह जिले ऐसे हैं, जहां 19 से 25 मई तक संक्रमण दर 1 प्रतिशत के करीब है।
एक्टिव केसों की संख्या घटी
प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या घटकर 43,265 हो गई है। 25 मई को नए संक्रमितों से 5,297 मरीजों ने कोरोना को मात देकर रिकवर हुए हैं। स्वस्थ होने वालों की संख्या 7486 है। प्रदेश का रिकवरी रेट 93% से ज्यादा हो गया है।
मौत के आंकड़े चिंता के कारण
प्रदेश में संक्रमण दर भले ही कम हो रही है, लेकिन कोरोना से मरने वालों की संख्या कम नहीं हो रही है। कोरोना से अब तक 7, 758 मौतें हो चुकी है। अप्रैल में 1,720 मौतें हुई, जबकि मई माह में अब तक 2040 मौतें कोरोना से हो चुकी है।