Responsive Menu
Add more content here...
November 26, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

बिखरने लगा आईएनडीआईए !

By Shakti Prakash Shrivastva on July 21, 2025
0 329 Views

                                                                              शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव
अभी बिहार में विधानसभा चुनाव होने है। साल भर बाद 2027 में उत्तर प्रदेश में भी विधानसभा के चुनाव होने है। ऐसे समय में जब बीजेपी जैसी सशक्त पार्टी को चुनाव में चुनौती देने के लिए आपस के सारे मतभेद भुला कर विपक्ष के सियासी दलों को संगठित होना चाहिए। संगठित होने की बजाय ये गठबंधन के घटक दल अभी से अलग होने की तैयारी में है। आम आदमी पार्टी जैसे घटक दल ने तो बकायदा ऐलान कर दिया कि अब वो आइएनडीआईए गठबंधन का हिस्सा नहीं है। हालांकि दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद ही यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया था कि अब आम आदमी पार्टी गठबंधन खासकर कांग्रेस की सरपरस्ती कत्तई बर्दाश्त नहीं करेगा। कांग्रेस की वजह से ही उसने गठबंधन से दूरी बनाने का निर्णय भी लिया है। सियासी गलियारे में आप के इस निर्णय पर खूब चर्चा हो रही है और कहा जा रहा है कि विपक्षी गठबंधन में अब बिखराव की शुरुआत हो गयी है।
याद करिए जब आइएनडीआईए यानि इंडियन नेशनल डेवेलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस गठबंधन अस्तित्व में आया था। उस समय बड़े उत्साह से गठबंधन के घटक दलों ने पूरे देश से बीजेपी को सत्ता से बाहर करने का संकल्प लिया था। लेकिन पटना में हुई गठबंधन के पहले ही बैठक मे इस बात का एहसास होने लगा था कि अपनों में गिव एंड टेक की सियासत करने वाले दलों का यह सामंजस्य कितने दिन चल पाएगा। बहरहाल परिस्थितिवश बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गठबंधन से बाहर होने के बावजूद कुछ ऐसा हुआ कि बीते लोकसभा चुनाव में गठबंधन को अपेक्षा से कहीं अधिक मुफीद परिणाम मिल गया। लेकिन उसके बाद से ही स्थितियाँ विपरीत होने लगी। हरियाणा, महाराष्ट्र आदि प्रदेशों के विधानसभा चुनाव में ही घटक दलों में टकराव खुले आम उजागर होने लगा। क्या समाजवादी पार्टी, और क्या आम आदमी पार्टी सभी ने घटक दलों में सबसे बड़े कांग्रेस के सामने अपनी शर्तों को रखना शुरू कर दिया। दिल्ली विधानसभा चुनाव में तो कांग्रेस को इन दलों ने बिलकुल ही अलग-थलग कर दिया। नतीजतन वहाँ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के अलग-अलग चुनाव लड़ने की वजह से दोनों की ही लुटिया डूब गयी। बीजेपी ने दशकों बाद वहाँ सरकार बनाने का स्वाद चखा। अब आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बकायदा गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए था कहकर पार्टी को गठबंधन से अलग करने की औपचारिक घोषणा कर दी। समाजवादी पार्टी की भी स्थिति कमोबेश आम आदमी पार्टी की ही तरह है। लेकिन नफा-नुकसान का आकलन कर दो टूक निर्णय करने में वो अपने को कमजोर महसूस कर रही है। कभी तो वो मन बनाती है कि प्रदेश में उसे कांग्रेस के साथ रहने से नुकसान है जबकि कांग्रेस को फायदा है। यह सोच वो गठबंधन से दूरी बनाने को सोचती है लेकिन जब देश के सियासी परिदृश्य को देखती है तो फिर अपना स्टैंड बदल देती है। फिर वो कांग्रेस से अपनी शर्तों पर संबंध रखने में ही भलाई समझती है। लेकिन अब हालात इस बात की चुगली कर रहे हैं कि अब गठबंधन बहुत दिनों तक अस्तित्व नहीं बचा सकेगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *