Responsive Menu
Add more content here...
November 25, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

  • Home
  • टॉप न्यूज
  • मैनपुरी उपचुनाव : सपा के गढ़ में बीजेपी को है जीत का भरोसा

मैनपुरी उपचुनाव : सपा के गढ़ में बीजेपी को है जीत का भरोसा

By Shakti Prakash Shrivastva on November 22, 2022
0 606 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव की आवाज में रिपोर्ट सुनने के लिए आडियो बटन पर क्लिक करें।

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

उत्तर प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा के लिए हो रहे उप चुनाव में चुनाव प्रचार इन दिनों जोरों पर है। यूं तो चुनावी समर कई प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं लेकिन जीत के लिए मुख्य मुकाबला सपा और बीजेपी के बीच ही सिमटा हुआ है। सपा को जहां इस सीट पर विजय को लेकर नेताजी मुलायम सिंह यादव के निधन से उपजी सहानुभूति और परंपरागत प्रभाव वाला क्षेत्र होने का भरोसा है वही बीजेपी को योगी सरकार के कामकाज और पिछले चुनावी समीकरण उत्साहित कर रहे हैं। उपरोक्त समीकरणों से इतर सपा को इस चुनाव में सबसे बड़ा फायदा मिलता दिख रहा है कि पिछले दो-तीन चुनावों से पार्टी से दूर रहने वाले और क्षेत्र में अच्छी पकड़ रखने वाले जमीनी नेता शिवपाल यादव का उन्हे भरपूर व खुला सहयोग मिल रहा है।

मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद रिक्त हुई इस सीट पर सपा ने नेताजी की बहू और पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव की पत्नी डिम्पल यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है तो बीजेपी ने नेताजी के शिष्य और शिवपाल के सहयोगी रघुराज सिंह शाक्य पर जंग जीतने का भरोसा जताया है। राजनीति के जानकारों का मानना है कि इस चुनाव में सपा और बीजेपी दोनों के लिए ही ये चुनाव प्रतिष्ठा का प्रश्न बन कर खड़ा हुआ है। बीजेपी यहाँ विजयी होकर सत्ता विरोधी लहर को खारिज करते हुए सरकार की बढ़ती साख का परचम लहराना चाहती है। तो सपा इस जीत के माध्यम से पुश्तैनी प्रभाव वाले क्षेत्र में अपना प्रभाव बरकरार रहने का प्रमाण देते हुए यह संदेश देने में कामयाब होना चाहती है कि बीजेपी को कोई सामने से ललकारने की स्थिति में है तो वो सिर्फ सपा ही है।

लगभग एक दशक से सपा नेतृत्व से असन्तुष्ट चल रहे जमीनी सपाई रहे अखिलेश के चाचा शिवपाल यादव ने जिस तरह सारे गीले शिकवे भूलते हुए खुलकर अखिलेश के साथ बहू डिम्पल के लिए वोट मांग रहे है। उससे सपा कार्यकर्ता खासे  उत्साहित है। ऐसे पिछले कुछ आंकड़ों पर गौर करे तो लगता है कि बीजेपी नजरंदाज किए जाने की स्थिति में नही है। मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत चार विधानसभा सीटें मैनपुरी, भोगांव, किशनी और करहल आती है। पिछले चुनावी नतीजे की मुताबिक इनमें से बीजेपी ने मैनपुरी व भोगांव और सपा ने किशनी व करहल सीट जीती थी।

जानकारों की मुताबिक सपा के गढ़ मैनपुरी सीट पर बीजेपी की जीत ने ही सपा कि जमीन खिसका दी थी। यहाँ से योगी सरकार के मंत्री जयवीर सिंह ने जीत दर्ज की थी। जयवीर सिंह ने सपा के राज कुमार उर्फ राजू यादव को 6,766 वोटों से हराया था। भोगांव विधानसभा सीट पर सपा प्रत्याशी आलोक शाक्य को 4,767 वोटों से बीजेपी के राम नरेश अग्निहोत्री ने हराया था। इसके अलावा सपा ने किशनी और अखिलेश यादव की सीट करहल से जीत दर्ज की थी। किशनी सीट पर सपा के बृजेश कठेरिया ने बीजेपी प्रत्याशी प्र‍िय रंजन आशू दिवाकर को 19,151 वोटों से हराया था जबकि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने करहल सीट पर 67,504 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री एस.पी.सिंह बघेल को हराया था। 2019 के लोकसभा चुनाव में वोटों के समीकरण में आया बड़ा बदलाव भी बीजेपी को जीत के प्रति उत्साहित करने के लिए काफी है। इस चुनाव में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव मात्र 94,389 वोट के अंतर से चुनाव जीते थे। जबकि इस चुनाव में सपा ने बसपा के साथ गठबंधन कर  चुनाव लड़ा था। लेकिन सपा को केवल 5,24,926 वोट मिले थे। वहीं बीजेपी उम्मीदवार प्रेम सिंह शाक्य को 4,30,537 वोट मिले थे। यानी बीते 2014 के मुकाबले सपा के वोट में गिरावट दर्ज हुई और बीजेपी के वोट में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस तरह इस चुनाव में सपा हो या बीजेपी किसी की भी राह आसान नहीं है। दोनों ही पार्टियों को चुनाव परिणाम के लिए अंत तक टकटकी लगाए रहना होगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *