Responsive Menu
Add more content here...
November 24, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

सीपी होंगे वीपी!

By Shakti Prakash Shrivastva on August 18, 2025
0 296 Views

                                                                   शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

वीपी माने वाइस प्रेसीडेंट होंगे सीपी, मतलब सीपी राधाकृष्णन अब देश के अगले उपराष्ट्रपति होंगे। हालांकि अभी उपराष्ट्रपति का चुनाव होना बाकी है। लेकिन इस चुनाव के लिए आवश्यक आंकड़ों की गणित में बीजेपी और उसका गठबंधन मजबूत स्थिति में हैं। इसलिए संभावना प्रबल है कि केंद्र में सत्तारूढ़ गठबंधन राष्ट्रीय जनतान्त्रिक गठबंधन की तरफ से जिस उम्मीदवार को अपना उम्मीदवार बनाया जाएगा, चुनाव में जीत का सेहरा उसी के माथे बंधेगा। ऐसे में होने वाले उपराष्ट्रपति के चुनाव में गठबंधन की तरफ से बीजेपी ने सीपी राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार बनाया है। सीपी राधाकृष्णन का पूरा नाम चंद्रपुरम पोन्नुस्वामी राधाकृष्णन है और ये मूलतः तमिलनाडु के रहने वाले हैं। श्री राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाकर बीजेपी ने एकबार फिर सबको चौंका दिया है। क्योंकि सियासी गलियारों में चल रही कयासबाजी में जिन नामों की चर्चा थी उनमें कहीं भी इनका जिक्र नहीं था।

राष्ट्रपति चुनाव से लेकर राज्यों के मुख्यमंत्री चयन तक में बीजेपी चौंकाने वाला निर्णय करती रही है। उसी का मुजाहरा पार्टी ने उपराष्ट्रपति चुनाव में भी किया है। रविवार को पार्टी के संसदीय दल की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड़ड़ा ने सीपी राधाकृष्णन के नाम का बतौर उप राष्ट्रपति उम्मीदवार ऐलान किया।

जिस सीपी राधाकृष्णन को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है वो इस समय महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। महाराष्ट्र के 21वें राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन का जन्म 20 अक्टूबर, 1957 को तमिलनाडु के तिरुप्पुर में हुआ था। निवर्तमान उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड के स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिए जाने से रिक्त हुए पद के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव आयोग की अधिसूचना के अनुसार नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 अगस्त है और दस्तावेजों की जांच 22 अगस्त को की जाएगी। आवश्यकता अगर मतदान की हुई तो मतदान 9 सितंबर को होगा। श्री राधाकृष्णन 31 जुलाई, 2024 को महाराष्ट्र के राज्यपाल बने थे। इसके पहले वो लगभग डेढ़ साल तक झारखंड के राज्यपाल रहे थे। राज्यपाल बनने से पहले 2004 से लेकर 2007 तक वो तमिलनाडु बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे। एमबीए की पढ़ाई करने वाले श्री राधाकृष्णन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सदस्य रहे और 1974 में भारतीय जनसंघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भी रहे। खेल में क्रिकेट और बालीबाल के शौकीन श्री राधाकृष्णन टेबिल टेनिस के कालेज चैंपियन और लाँग रेस के धावक भी रहे हैं।

अब देखना ये दिलचस्प होगा कि क्या विपक्ष का आईएनडीए गठबंधन अपना उम्मीदवार उतारता है। विपक्षी उम्मीदवार होने की स्थिति में चुनाव होगा। चुनाव आयोग के मुताबिक उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव में मतदान 9 सितंबर को होगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *