Responsive Menu
Add more content here...
November 23, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

विपक्ष की भूमिका में ‘पक्ष’ का सांसद

By Shakti Prakash Shrivastva on February 15, 2023
0 606 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

देश की राजनीति में ऐसा ही चलन है कि किसी राजनीतिक पार्टी का सांसद या विधायक अपनी पार्टी की नीतियों का विरोध नहीं करता है चाहे वो उससे सहमत हो या असहमत। लेकिन देश में केंद्र की सरकार चला रही बीजेपी के एक ऐसे सांसद है जो अपनी ही पार्टी और सरकार को आए दिन कटघरे में खड़ा करते हुए देखे-सुने जा रहे हैं। सांसद का नाम है वरुण गांधी। ये उत्तर प्रदेश की पीलीभीत संसदीय सीट से बीजेपी के सांसद हैं। एक दिन के दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र पीलीभीत पहुंचे वरुण गांधी ने अपनी ही सरकार को घेरते हुए कहा कि देश के दस उद्योगपति एक सौ चालीस करोड़ हिंदुस्तानियों पर भारी साबित हो रहे हैं। यह हमारी व्यवस्था की कमी है। इसमें जब जरूरत मंद किसान, नौजवान और बेरोजगार अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए लोन की मांग करता है तो उसके हिस्से उद्योगपतियों से शेष बचे महज नौ फीसदी का अंश मिलता है। उनसे यह भी कहा जाता है कि आप लोन नहीं अदा कर पाएंगे। ऐसे में वरुण उनकी आवाज बुलंद करने का वायदा भी करते हैं। वरुण ने कहा कि इंसान को बीमारी, व्यापार, खेती या बिटिया की शादी आदि के लिए कभी न कभी लोन की जरूरत पड़ती है। देश पर धनाद्यों का अधिकार हो गया है। जबकि देश चलाने का काम किसान करता है, बनाने का काम मजदूर करता है और गढ़ने का काम नौजवान करता है। देश का मध्यमवर्गीय समाज रीढ़ की हड्डी है लेकिन इनका अधिकार सिकुड़ रहा है। आज हालत ये है कि देश में इंसानों की गिनती सब्जी मंडी की सब्जी माफिक हो गई है। कौम और जाति के आधार पर व्यवस्थाएं चल रही हैं। ऐसा हरगिज नहीं होना चाहिए। सिर्फ काबिलियत, मेहनत, साहस और शिक्षा से इंसान की कद्र होनी चाहिए। वरुण ने कहा कि मैं उस हिंदुस्तान का हिमायती हूँ जिसमें समानता हो। उन्होंने कहा कि हाड़कंपाती ठंड के बीच लखनऊ में संविदाकर्मी शिक्षामित्र अपने सम्मानजनक मानदेय की गुहार लगाते रहे लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं। इतना ही नहीं कोविड काल में अपनी जान की बाजी लगा कर काम करने वाली आशाकर्मी और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तक को वाजिब मानदेय के लिए परेशान होना पड रहा है। उन्होंने सरकार से संविदाकर्मियों को अधिकारियों की तरह सम्मान दिए जाने की मांग की। इस तरह कई और भी अवसर आए हैं जब बीजेपी का सांसद होते हुए वरुण गांधी विपक्षी सांसद की भांति व्यवहार करते हैं। इसके बावजूद बीजेपी पार्टी में नीतियों के तहत अनुशासन कायम रखने की जिम्मेदार कमेटी आखिर मौन क्यों  है ये समझ से परे है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *