Responsive Menu
Add more content here...
November 23, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

  • Home
  • टॉप न्यूज
  • BJP का मिशन 2024 : समझ से परे योगी कैबिनेट के ‘समीकरण’

BJP का मिशन 2024 : समझ से परे योगी कैबिनेट के ‘समीकरण’

By Shakti Prakash Shrivastva on March 27, 2022
0 614 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

            उत्तर प्रदेश में रिकार्ड बनाते हुए सरकार में वापसी करने वाली बीजेपी की योगी सरकार का गठन का आधार या समीकरण राजनीति के धुरंधरों को भी समझ नहीं आ रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि सरकार गठन में 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को केंद्र में रखा गया है। लेकिन बहुत सारे ऐसे समीकरण हैं जो इस आधार को तर्क की कसौटी पर चुनौती दे रहे हैं। जैसे योगीराज 2.0 के मंत्रिमंडली गठन में जातीय और सामाजिक समीकरणों को साधने की खासी कवायद हुई। अधिकांश राजनीतिक समीकरणों को साधने में इस बात का ख्याल रखा गया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को सफलता मिले। जातीय संतुलन बनाने के चक्कर में कई जगह क्षेत्रीय समीकरणों की अनदेखी सामने आई। जैसे कई ऐसे जिले है जहां पार्टी को मतदाताओं ने भरपूर आशीर्वाद देते हुए जिले की सारी की सारी सीटे पार्टी झोली में भर दी लेकिन मंत्रिमंडल में हिस्सेदारी से उसे महरूम रहना पड़ा। इन जिलों के पार्टी कार्यकर्ताओं में मायूसी है। ये मायूसी आने वाले चुनाव में पार्टी के लिए भारी न पड़ जाए। हालांकि पार्टी के रणनीतिकार इससे वाकिफ है और जानकारों की माने तो पार्टी किसी और माध्यमों के जरिए कार्यकर्ताओं की इस उपजे मायूसी को दूर करने की कोशिश अवश्य करेगी। जैसे देवीपाटन मंडल में बीजेपी ने 20 में 16 सीटें जीती हैं। गोंडा की सभी 7 सीटों पर बीजेपी का कब्जा है। लेकिन मंत्रिमंडल में नुमाइंदगी शून्य है। यही हाल बस्ती मंडल का भी है जहां सभी जिलों में सदस्य जीते हैं। लेकिन मंत्रिपरिषद में जगह नहीं मिली। कानपुर शहर व लखीमपुर खीरी में भी स्थिति कमोबेश ऐसे ही है। कानपुर शहर की 10 में से 7 सीटों पर पार्टी का कब्जा रहा। लखीमपुर खीरी में तो मंत्री पुत्र की गाड़ी से किसानों के कुचलने जैसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित होने के बाद भी मतदाताओं ने सभी आठ सीटों पर पार्टी का परचम लहराया। इसी तरह उन्नाव और कुशीनगर जिले में भी मतदाताओं ने क्रमशः सभी 6 और 5 सीटों को बीजेपी गठबंधन को सौंप दिया। बावजूद इन्हे भी नुमाइंदगी का स्वाद नहीं मिला। मंत्रिमंडल गठन में उन जिलों पर तो बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया गया, जहां पार्टी का खाता तक नहीं खुल पाया था। अंबेडकर नगर, आजमगढ़, गाजीपुर व शामली जैसे चार जिले ऐसे है जहां पार्टी का खाता तक नहीं खुला। हालांकि राजनीति के जानकार और वरिष्ठ पत्रकार राजेश सिंह श्रीनेत की मुताबिक बीजेपी यदि इन जिलों से किसी कार्यकर्ता को मंत्रिमंडल में स्थान देकर आगे परिषद से सदस्य बनाने की पहल करती तो यह भविष्य में खासा सहायक सिद्ध होता। इन जिलों से कौशांबी जिला जरूर अपवाद रहा जहां पिछड़े वर्ग से ताल्लुक रखने वाले कद्दावर पार्टी नेता केशव प्रसाद मौर्य एक बार फिर डिप्टी सीएम के रूप में सरकार में स्थान बनाने में सफल हुए।एक तरफ तो पार्टी के लिए क्लीन स्वीप कराने वाले जिलों लखीमपुर खीरी-8, गोंडा-7, उन्नाव-6, फर्रुखाबाद-5, एटा-4, हापुड़-3, नोएडा-3, महोबा-2, हमीरपुर-2 को मंत्रिमंडल गठन में प्रतिनिधित्व से वंचित रखा गया वही आगरा, बलिया, कानपुर देहात, वाराणसी,शाहजहांपुर जैसे कुछ ऐसे भी जिले है जहां से 3-3 मंत्री बनाए गए हैं। इन समीकरणों का विश्लेषण करने पर एक बात तो स्पष्ट होते दिख रही है कि पार्टी नियंताओं ने मंत्रिमडल का गठन करते समय 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी के हानि-लाभ का विशेष ध्यान रखा है। लेकिन उनसे कहीं न कही इस बात की चूक अवश्य हुई है जिससे बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों को प्रतिनिधित्व से वंचित रख कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर हुआ है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *