Responsive Menu
Add more content here...
November 23, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

  • Home
  • पूर्वांचल न्यूज
  • CM योगी गोरखपुर में : प्रदेश के 5वें सैनिक स्कूल की रखी आधारशिला, हर कमिश्नरी में खोलने की योजना

CM योगी गोरखपुर में : प्रदेश के 5वें सैनिक स्कूल की रखी आधारशिला, हर कमिश्नरी में खोलने की योजना

By Shakti Prakash Shrivastva on July 23, 2021
0 826 Views

गोरखपुर, (संवाददाता)। इस महीने एक बार फिर शुक्रवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। अपने तीन दिवसीय गोरखपुर दौरे के पहले दिन दोपहर बाद प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर खाद कारख़ाना परिसर में भूमि पूजन कर प्रदेश के पांचवें सैनिक स्कूल की आधारशिला रखी। इस मौके समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों (कमिश्नरी) में सैनिक स्कूल खोलने की योजना है। इस बाबत केंद्र सरकार ने पहले ही अपने बजट में देश में 100 नए सैनिक स्कूल खोलने का प्रस्ताव कर रखा है। इसी के तहत राज्य सरकार प्रस्तावित योजना पर तेजी से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री की मुताबिक 50 एकड़ क्षेत्रफल में लगभग 154 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस सैनिक स्कूल में पूर्वी उत्तर प्रदेश के विद्यार्थियों को सैन्य प्रशिक्षण के साथ योग्यतम शिक्षा देने का प्रयास होगा। ‘युवाओं को शिक्षा, देश की रक्षा’ के ध्येय से शुरू हो रहे इस शैक्षिक प्रकल्प में कक्षा 6 से 12 तक बालक-बालिकाओं को आवासीय व्यवस्था के तहत शिक्षा प्रदान की जाएगी। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग कैंपस होगा। स्कूल का प्रशासनिक भवन प्राचीन भारतीय संस्कृति व परंपरा का दर्शन कराने वाला होगा। यहां बनने वाले हॉस्टल राष्ट्र नायकों के नाम से समर्पित होंगे। साथ ही कैंपस के अलग-अलग स्थानों का नामकरण सेना के जाबांजों के नाम पर किया जाएगा। कैंपस में बागवानी, जैविक खेती व गोशाला की भी व्यवस्था होगी। सैनिक स्कूल के निर्माण में पर्यावरण संरक्षण का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। यहां सभी भवनों में सोलर सिस्टम और रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। क्लास रूम, हॉस्टल, हाईटेक कंप्यूटर लैब के अलावा बहुउद्देश्यीय सभागार, प्रेक्षागृह भी बनाया जाएगा। सुरक्षा और अनुशासन पर नजर रखने के लिए समूचा कैंपस सीसीटीवी कैमरों से कवर रहेगा। मार्च पास्ट, झंडारोहण के लिए ट्रैक बनाए जाएंगे। सैनिक स्कूल के कैंपस में खेल प्रतिभाएं भी तराशी जाएंगी। यहां के विद्यार्थियों को फुटबाल, वॉलीबाल, बास्केटबाल, घुड़सवारी, शूटिंग, जिम्नास्टिक, तैराकी, टेनिस, दौड़ आदि खेलों के लिए प्रशिक्षण मिलेगा और इसके निमित्त ट्रैक व कोर्ट भी होंगे। कार्यक्रम में सैनिक स्कूल के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के छात्रावासों समेत 16 परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 187.51 करोड़ रुपये है।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *