नई दिल्ली(एजेंसी)- देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में मामूली कमी दिख रही है। रविवार को देशभर में कोरोना वायरस के 3,70,188 मामले सामने आए जबकि 3,375 लोगों की मौत हुई। शनिवार को 3.92 लाख केस सामने आए थे जबकि मौत का आंकड़ा 3700 के करीब चला गया था। पिछले हफ्ते कोरोना वायरस देश पर कहर बनकर टूटा है। इस दौरान 26 लाख से अधिक मामले सामने आए। सात दिनों में जानलेवा वायरस से करीब 23800 लोगों की मौत हुई। इस दौरान शुक्रवार को कुल मामले 4 लाख को पार कर गए। मौजूदा वक्त में देश में 34,10,161 सक्रिय मामले हैं। इस अवधि में 2,95,154 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई। इस तरह अब तक 1,62,77,092 लोग इस बीमारी को मात दे चुके हैं।
महाराष्ट्र में सर्वाधिक मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार सुबह आठ बजे जो आंकड़े जारी किए उनके अनुसार बीते 24 घंटों में 3,689 लोगों की कोरोना से मौत होने की जानकारी सामने आई। इस बीच सक्रिय मामलों की संख्या 33, 49,644 हो गई है। यह संक्रमण के कुल मामलों का 17.13 फीसद है। वही महाराष्ट्र में रविवार को कोविड-19 के 56,647 नए मामले आए तथा 669 और लोगों की मौत हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 47,22,401 और मृतक संख्या 70,284 हो गई है।पिछले 24 घंटे के दौरान 51,356 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। राज्य में 6,68,353 उपचाराधीन मरीज हैं। अब तक 39,81,658 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड-19 संबंधी 2,57,470 नमूनों की जांच की गई । अब तक कुल 2,76,52,758 नमूनों की जांच की जा चुकी है। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को कोविड-19 के 20,394 नए मामले आए और 407 लोगों की मौत हो गई। वहीं संक्रमण दर घटकर 28.33 प्रतिशत हो गई है। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक लगातार दूसरे दिन 400 से ज्यादा लोगों की मौत हुई। शनिवार को दिल्ली में 412 लोगों की मौत हुई थी।आइसीएमआर के अनुसार देश में अब 29,01,42,339 नमूनों की जांच हो चुकी है। जबकि शनिवार (एक मई) को 18,04,954 नमूनों की जांच की गई। देश में अब तक कुल 2,15,542 मौतें हुई हैं जिनमें महाराष्ट्र से 69,615, दिल्ली से 16,559, कर्नाटक से 15,794, तमिलनाडु से 14,193, उत्तर प्रदेश से 12,874, बंगाल से 11447, पंजाब से 9,160 और छत्तीसगढ़ से 8,810 शामिल हैं।