Responsive Menu
Add more content here...
May 31, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

अतीक का भी बाप निकला उसके गुर्गे का गुर्गा!

By Shakti Prakash Shrivastva on September 1, 2023
0 757 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

                     कभी प्रयागराज और उसके आसपास के जिलों में आतंक का पर्याय रहे माफिया बंधु अतीक अहमद और अशरफ अहमद हालांकि अब इस दुनिया में नहीं है। 15 अप्रैल की रात प्रयागराज के एक अस्पताल में पुलिस कस्टडी में दोनों की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हालांकि इसके पहले 24 फरवरी को प्रयागराज मे हुए पूर्व विधायक राजूपाल की हत्या के मुख्य गवाह उमेश पाल और उसके दो सरकारी सुरक्षाकर्मियों की दिनदहाड़े सारे राह गोलियां और बम मार की गई हत्या के बाद से ही अतीक-अशरफ समेत उसके कुनबे के बुरे दिन शुरू हो गए थे। अतीक के परिवार में उसका एक बेटा पुलिसिया मुठभेड़ में मार गिराया गया जबकि अन्य बेटे जेल में है। अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन 50 हजार की इनामिया घोषित है और फरार चल रही है। अतीक के भाई अशरफ की बीबी जैनब फातिमा भी फरार है। पुलिस और जांच एजेंसियां जहां इन फरार अपराधियों की तलाश कर रही हैं वहीं इनसे जुड़े अपराध से अर्जित आर्थिक साम्राज्य की भी तलाश कर रही है। इस क्रम में लगातार नए-नए खुलासे हो रहे हैं। पता चल रहा है कि माफिया डान अतीक और उसके माफिया भाई अशरफ के गुर्गे तो अपराध से अर्जित कमाई के मामले में इनके भी बाप साबित हो रहे हैं। हालिया हुए खुलासे में माफिया अतीक अहमद के गुर्गे मोहम्मद अशरफ उर्फ लल्ला के एक नौकर सूरज पाल की राजसी कहानी का पर्दाफाश हुआ है। लल्ला ने अपने नौकर सूरज पाल के नाम से खरीदी करोड़ों रुपये की संपत्तियों की जानकारी को जांच एजेंसियों से छिपाने के लिए तमाम हथकंडे अपनाए थे। लेकिन कहते है कि गलत तो गलत ही होता है। एक न एक दिन उसका पर्दाफाश हो ही जाता है। इसी तरह जब नौकर सूरज पाल का आयकर रिटर्न दाखिल हुआ तो पूरा खेल सामने आ गया। आयकर विभाग की जांच में पता चला कि सूरज पाल की संपत्तियां छह साल में 15 गुना बढ़ गई थीं।

आयकर जांच में यह भी पता चला कि सूरज पाल ने पहली बार वर्ष 2018-19 में आयकर रिटर्न दाखिल किया था। इसमें कुल संपत्ति की कीमत 41.95 लाख रुपये दिखाई थी। इसके बाद बीपीएल कार्ड होल्डर सूरज पाल की संपत्तियों में साल दर साल इजाफा होने लगा। वर्ष 2019-20 में उसकी कुल संपत्ति 1.28 करोड़ रुपये की हो गई। वर्ष 2020-21 में इसमें थोड़ी कमी आई और उसने 1.13 करोड़ रुपये की संपत्ति दशाई। इसके बाद वर्ष 2021-22 में उसकी संपत्ति दोगुना बढ़कर 2.52 करोड़ तक पहुंच गई। वर्ष 2022-23 में 6.40 करोड़ रुपये की संपत्ति होने की जानकारी आयकर विभाग को दी है। ये आँकड़े यह बताने के लिए काफी है कि एक बीपीएल कार्ड होल्डर के पास इतनी अकूत संपत्ति कहाँ से आई। कहीं न कहीं इसमें किसी तीसरे प्रभावशाली व्यक्ति की भागीदारी अवश्य है। प्रभावशाली व्यक्ति ने ही सूरज पाल के नाम से जमीनें खरीदीं है। जब आयकर विभाग ने संदिग्ध सूरज पाल का ब्योरा खंगालते हुएउसकी पड़ताल शुरू की तो उसमें उसके मालिक मोहम्मद अशरफ का नाम सामने आया। अशरफ और उसके ससुर रफीक उर्फ गुलफुल की हिस्ट्रीशीट और अतीक के गैंग का सदस्य होने की पुष्टि होने पर पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा होता चला गया। आईजी स्टांप एंड रजिस्ट्रेशन की वेबसाइट से पता चला कि सूरज पाल ने वर्ष 2018 से पहले 11 संपत्तियां खरीदी थीं। ये बाजार दर से काफी कम कीमत पर ली गई थीं। इससे आशंका जताई जा रही है कि अतीक का खौफ दिखाकर अशरफ जमीनों की खरीद-फरोख्त कर रहा था। अधिकतर जमीनें दलितों की थीं, जिसे सूरज पाल के नाम से खरीदा जा रहा था। अतीक और अशरफ की हत्या के बाद इन जमीनों को आननफानन में बेचा जाने लगा। 43 संपत्तियां बिकने की सूचना मिलने पर आयकर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह संपत्तियों को बेनामी संपत्ति एक्ट में जब्त कर लिया। अब इन संपत्तियों को खरीदने वालों से पूछताछ की तैयारी है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *