Responsive Menu
Add more content here...
August 10, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

  • Home
  • टॉप न्यूज
  • फिल्म एवं टीवी अकादमी, उत्तर प्रदेश ने किया कला श्रमिकों  का सम्मान, डॉ अनिल और राजवीर सम्मानित

फिल्म एवं टीवी अकादमी, उत्तर प्रदेश ने किया कला श्रमिकों  का सम्मान, डॉ अनिल और राजवीर सम्मानित

By Shakti Prakash Shrivastva on May 2, 2025
0 439 Views

चमन 

अपने आबोहवा में कला-संस्कृति को सँजोये रखने वाले शहर लखनऊ में श्रमिक दिवस की पूर्व संध्या पर कला को सही अर्थों में साधने वाले दो कला श्रमिकों को सम्मानित किया गया। अपना रजत जयंती मना रही संस्था फिल्म एवं टीवी अकादमी, उत्तर प्रदेश ने सिनेमा के जनक माने जाने वाले दादा साहब फाल्के के 155 वीं जयंती के मौके पर उनकी स्मृति में आजीवन चलचित्र सम्मान से अभिनय कला को समर्पित श्रेष्ठ साधक व स्थापित कलाकार डॉ अनिल रस्तोगी और प्रतिष्ठित कला समीक्षक राजवीर रतन को सम्मानित किया।

यूपी प्रेस क्लब सभागार में इन कला श्रमिकों को संस्था के संरक्षक व राज्य ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री गिरीश चंद्र मिश्र और पद्मश्री साहित्यकार डॉ विद्या बिन्दु सिंह के हाथों अंगवस्त्र और स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों, संस्था के अध्यक्ष और प्रख्यात फिल्मकार सुनील बत्ता सहित संस्था सहयोगी सुश्री अर्पिता बत्ता, शबाहत हुसैन विजेता, शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव आदि द्वारा दीप प्रज्वलन व दादा साहब फाल्के की तस्वीर पर पुष्पार्पण कर किया गया।

फिल्म-टीवी-रंगमंच सहित मीडिया के श्रेष्ठ मनीषियों की मौजूदगी में कार्यक्रम को गिरीश चंद्र मिश्र, पद्मश्री डॉ विद्याबिन्दु सिंह सहित सम्मानित डॉ अनिल रस्तोगी और राजवीर रतन ने संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान जहां संस्थाधयक्ष सुनील बत्ता ने अपने सम्बोधन में अनुभवों सहित अवसर विशेष की महत्ता को रेखांकित किया वहीं संस्था की  सचिव सुश्री अर्पिता बत्ता ने दादा साहब फाल्के के जीवन वृत्त पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर दादा साहब के जीवन का संक्षिप्त परिचय कराती और सुनील बत्ता के क्षेत्र विशेष में किए गए योगदान सहित संस्था के क्रियाकलापों को दर्शाती लघु फिल्म को भी प्रदर्शित किया गया।

इस विशेष कार्यक्रम में सम्मानित कलामनीषियों के परिवारीजन समेत सूचना विभाग के उप निदेशक रहे दिनेश सहगल, प्रतिष्ठित पत्रकार नवेद शिकोंह,पी के तिवारी, शबाहत हुसैन विजेता, गिरीश तिवारी, शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव,हेमंत चटर्जी, विनय कुमार सिंह, शैलेन्द्र कुमार मौर्य, ज्योति सिंह, राकेश पाण्डेय, वरिष्ठ रंगकर्मी करुणा सागर, प्रभात मिश्र, सुषमा गुप्ता, फिल्म प्रोडक्शन कंट्रोलर अजय द्विवेदी, मो. फैसल रियाज, संगीतकार उत्तम चटर्जी, प्रभाकर जौहरी, आहेत जिंदल, नूर अहमद तूबा, अनवर बेग व बड़ी संख्या में कला-मीडिया जगत के वरिष्ठ मौजूद रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन प्रदेश के अतिविशिष्ट समारोहों का संचालन करने वाली वरिष्ठ संचालिका डॉ अनीता सहगल ने किया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *