Responsive Menu
Add more content here...
November 27, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

दांव पर है साख !

By Shakti Prakash Shrivastva on February 6, 2025
0 377 Views

.                                                                                      शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव
प्रदेश ही नहीं पूरे देश के सियासी हल्के में लोगों की निगाहें अयोध्या जिले मे हो रहे मिलकीपुर विधानसभा उपचुनाव पर है। यहाँ समाजवादी पार्टी के बागी उम्मीदवार सूरज चौधरी के चुनाव मैदान में आने से त्रिकोणीय दिख रहे मुक़ाबले के बावजूद मुख्य लड़ाई समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार के बीच ही है। इस इलाके में चुनाव परिणाम पर जातीय समीकरणों की चूंकि अहम भूमिका होती है। इसलिए यहाँ के मुख्य दोनों ही प्रतिद्वंदी दलों ने अपने उम्मीदवार चयन में इस समीकरण का बखूबी ख्याल रखा है। दोनों ही प्रत्याशी संयोगवश एक ही बिरादरी के हैं। अयोध्या में भव्य राममंदिर के गर्भगृह में भगवान राम के दिव्य-भव्य विग्रह स्थापना के बाद हुए लोकसभा चुनाव में स्थानीय अयोध्या सीट हारने से दबाव में चल रही बीजेपी जहां हर हाल में चुनाव जीत कर अपने ऊपर लगा दाग धुलना चाहती है। वहीं स्थानीय समीकरणों के चलते उत्साहित सपा भी अपनी सीट अपने ही पास रखने का हर संभव जतन कर रही है। ऐसे में जीत के लिए असली साख इन दोनों दलों के अलमबरदारों की लगी है। सपा में अखिलेश यादव और बीजेपी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिष्ठा यहाँ दांव पर है।

मिल्कीपुर सीट के लिए मतदान पाँच फरवरी को होना है। सपा और बीजेपी दोनों ही दलों ने अपने सियासी तरकस के सभी बाण मैदान में छोड़ दिये है। दोनों ही दलों के साथ कुछ ऐसे समीकरण है जो उन्हे लाभ और हानि दोनों का ही स्वाद दे रहे हैं। जैसे बीजेपी की टिकट की दावेदारों में चंद्रभानु पासवान को टिकट मिलने से पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ, रामू प्रियदर्शी सरीखे दावेदार नाराज हो गए। हालांकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले आश्वासन के बाद सभी नाराज नेता साथ आ गए हैं। ऐसे ही सपा में भी बागी उम्मीदवार सूरज चौधरी के आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का उम्मीदवार बन चुनाव मैदान में आ जाने से नुकसान होने की उम्मीद है। क्योंकि सूरज सांसद अवधेश प्रसाद के कभी नजदीकी रहे है। टिकट न मिलने से नाराज हो उन्होंने न केवल पार्टी छोडी बल्कि चन्द्रशेखर आजाद की पार्टी से टिकट ले चुनाव मैदान में भी उतर गये। इसके अलावा सपा की गठबंधन सहयोगी कांग्रेस पार्टी के साथ होने के बाद भी कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता भोलानाथ भारती मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। भोलानाथ, जिला पंचायत चुनाव में सपा प्रत्याशी तथा अवधेश प्रसाद के बेटे अजित प्रसाद को हरा चुके है। क्षेत्र में इनका जनाधार भी ठीक-ठाक है। इससे भी सपा का संकट बढ़ा है।हालांकि पूर्व मंत्री और इलाके के कद्दावर नेता मित्रसेन यादव के बेटे आनंद सेन के साथ आ जाने से सपा अपेक्षित मजबूत हुई हैं। क्योंकि पहली बार सेन परिवार अवधेश प्रसाद के साथ आया है।
क्षेत्र में ब्राह्मण और दलित मतदाताओं की भूमिका प्रभावी है। चूंकि दोनों ही प्रत्याशी दलित है लिहाजा इनका फोकस ब्राह्मण मतदाताओं को अपने पाले में कर वैतरणी पर करना चाहती है। ब्राह्मण मतदाताओं को रिझाने के लिए बीजेपी ने जहां पूर्व विधायक खब्बू तिवारी को आगे किया है वही सपा ने अपने पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय को कमान सौंपी है। पूर्व के पाँच विधानसभा चुनावों के नतीजे के आधार पर यहा सपा का पलड़ा भारी लग रहा है। बाकी आठ फरवरी को नतीजे आने पर तय होगा कि योगी और अखिलेश में से किसकी साख बची और किसकी लूट गयी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *