Responsive Menu
Add more content here...
August 9, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

सपा की अर्धकुंभी सियासत !

By Shakti Prakash Shrivastva on February 9, 2025
0 315 Views

 शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव
प्रयागराज के संगम तट पर लगे आस्था के महाकुंभ को बीजेपी ने इतना व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया कि देश ही नहीं दुनिया भर में आयोजन सहित प्रदेश की बीजेपी सरकार की भी जमकर सराहना हो रही है। इस आयोजन ने जहां देश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना को विस्तारित करने का काम किया वहीं प्रदेश की मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी को भी अपने सियासत के केंद्र में इस आयोजन को प्राथमिकता में रखने को प्रेरित किया। इस नए सियासी प्रेरणा से उत्साहित सपा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ स्थित सपा कार्यालय पर एक ऐसा पोस्टर लगाया है जो पार्टी की इस मंशा को प्रमाणित करता है। संगम में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के स्नान करने वाली तस्वीर के साथ लिखा है कि ’27 में आएंगे अखिलेश, 32 में भव्य अर्धकुंभ कराएंगे विशेष’। पोस्टर का निहितार्थ स्पष्ट है कि अब अखिलेश और उनकी पार्टी अपनी भावी सियासी रणनीति में कुम्भ-अर्धकुम्भ को भी तवज्जो देने जा रही है।
समाजवादी पार्टी के प्रधान कार्यालय पर पोस्टरों के माध्यम से सियासत का एक नया अंदाज पिछले कुछ वर्षों से देखने में आ रहा है। विपक्षी दलों को अपने नए सियासी संकेतों को समाजवादी पार्टी पोस्टरों के जरिए पहुंचाने का अभिनव प्रयोग लगातार कर रही है। यूँ तो सियासत में ऐसा नहीं कि समाजवादी पार्टी ही ऐसा प्रयोग कर रही है बल्कि सभी सियासी दल अपनी सियासत में पोस्टरों को हमेशा महत्व देते रहे है और आगे भी देते रहेंगे। क्योंकि जो सियासी संकेत या संदेश पोस्टरों के माध्यम से दिया जा सकता है उतना प्रभावी तरीके से किसी दूसरे माध्यम से नहीं दिया जा सकता है।
बीते शुक्रवार को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय के बाहर जो पोस्टर लगाया गया है। उसमें महाकुंभ पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश यादव की गंगा में स्नान कर गंगा मैया और सूर्य देव को अर्घ्य देते तस्वीर लगाई गई है। पोस्टर में इस तस्वीर के साथ लिखा गया है कि, ’27 में आएंगे अखिलेश, 32 में भव्य अर्धकुंभ कराएंगे विशेष’। पार्टी के आनुषंगिक संगठन लोहिया वाहिनी के प्रदेश प्रवक्ता सोमिल सिंह श्रीनेत की तरफ से लगाये गए इस पोस्टर में पार्टी की उस मंशा को व्यक्त किया गया है जिसमें पार्टी अपने एजेंडे में अध्यात्म के महत्व को स्वीकारते लग रही है ।
इस पोस्टर के अलावा भी कार्यालय पर अक्सर पोस्टर लगाए जाते रहे हैं। लेकिन इस पोस्टर के पहले जब बिहार में नितीश कुमार एनडीए गठबंधन से अलग हो तख्ता पलट करते हुए राजद के साथ पुनः सरकार बनाए थे और देश में विपक्षी दलों को एकजुट करने के मुहिम में लगे थे तब भी सपा कार्यालय पर लगा एक पोस्टर बहुत लोकप्रिय हुआ था। उस पोस्टर में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के साथ जेडीयू प्रमुख और बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार की तस्वीर लगी हुई थी। पोस्टर में यूपी + बिहार = गयी मोदी सरकार लिखा हुआ था। आने वाले समय में समाजवादी पार्टी की अगली रणनीति के खुलासा होने पर पार्टी की पोस्टरों में दिख रही मंशा प्रमाणित हो जाएगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *