Responsive Menu
Add more content here...
May 1, 2024
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

उत्तर प्रदेश : NCR की तर्ज पर बन रहा SCR है क्या

By Shakti Prakash Shrivastva on September 4, 2022
0 185 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

देश की राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के जिलों को मिलाकर नब्बे के दशक में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (नेशनल कैपिटल रीज़न-NCR) का गठन किया गया था। इसमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान प्रांत के सीमावर्ती जिलों को शामिल किया गया था। उसी तर्ज पर अब उत्तर प्रदेश में राज्य राजधानी क्षेत्र का गठन किया जा रहा है। इस तरह राज्य राजधानी क्षेत्र (स्टेट कैपिटल रीज़न- SCR) का गठन करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है। शुरुआती योजना के मुताबिक इसमें लखनऊ सहित सात जिलों के 28,016 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र शामिल होंगे। इस बाबत राज्य सरकार का मानना है कि यह संतुलित और समावेशी विकास का रोल माडल साबित होगा। इसके माध्यम से लखनऊ में बढ़ती जनसंख्या से इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ रहे दबाव, अनियोजित व क्षेत्र विशेष का विकास जैसी चुनौतियों का समाधान किया जा सकेगा। सरकार का यह भी मानना है कि SCR स्थिरता, स्वास्थ्य देखभाल, संस्कृति, पर्यावरण, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के वैश्विक मानकों के अनुरूप जीवंतता सूचकांक में अपनी खास जगह बनाने वाला होगा।

इसमें लखनऊ सहित उसके आस-पास के सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, कानपुर नगर व कानपुर देहात जिले शामिल होंगे। इसमें गठन के लिए मुख्य सचिव और अपर मुख्य सचिव-आवास की अध्यक्षता वाली दो कमेटियाँ बनाई जा रही हैं। इनमें मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली उच्चाधिकार समिति में संबन्धित विभागों के प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव शामिल होंगे। जबकि अपर मुख्य सचिव-आवास वाली कमेटी में लखनऊ, कानपुर और अयोध्या मण्डल के मंडलायुक्त, संबन्धित जिलों के जिलाधिकारी, संबन्धित विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्ष और विशेषज्ञ शामिल होंगे।

इन कमेटियों का मुख्य काम क्षेत्रीय योजना-कार्यक्रम तैयार करना, परियोजनाओं का निर्धारण, क्रियान्वयन व अनुश्रवण, परियोजनाओं का चयन व अनुमोदन, विकास के लिए प्राथमिकता प्रदान करना व जरूरी सहायता उपलब्ध कराना और वित्तीय प्रबंधन करना होगा। उच्च अधिकार कमेटी राज्य सरकार को परामर्श भी देगी। पूरे परिक्षेत्र में लखनऊ  का 2,528, सीतापुर का 5743, रायबरेली  का 4,609, बाराबंकी का 4,402, उन्नाव का 4,558, कानपुर नगर का 3,155 और कानपुर देहात का 3,021 किलोमीटर का क्षेत्र शामिल किया जा रहा है।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *