Responsive Menu
Add more content here...
April 18, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

  • Home
  • टॉप न्यूज
  • इन हथियारों के सहारे बीजेपी बनाएगी 24 में सरकार!

इन हथियारों के सहारे बीजेपी बनाएगी 24 में सरकार!

By Shakti Prakash Shrivastva on January 22, 2023
0 463 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

बीजेपी ने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के बाबत चुनावी शंखनाद कर दिया है। इसके लिए ही पार्टी के लगातार दूसरी बार अध्यक्ष की कुर्सी संभालने वाले जे पी नड्डा उत्तर प्रदेश दौरे पर आए। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद ले बगल की प्रतिष्ठापरक संसदीय क्षेत्र गाजीपुर जा कर चुनावी बिगुल फूंका। विधानसभा और लोकसभा दोनों ही में इस क्षेत्र से पराजित होने के बावजूद यहाँ से चुनावी श्रीगणेश करने के पीछे पार्टी का राजनीतिक एजेंडा है। जिस माफिया सरगना मुख्तार अंसारी के आपराधिक साम्राज्य को योगी सरकार ने तहस-नहस कर दिया है। उसी के गढ़ से शुभारंभ कर पार्टी ने अपना एजेंडा साफ कर दिया है। पार्टी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि माफिया पर वार, विकास की रफ्तार और राष्ट्रवाद को धार देकर ही पार्टी तीसरी बार केंद्र की सरकार बनाएगी। इसके अलावा अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर के बन जाने से उपजी हिन्दू धर्मावलंबियों की भावनाओं को भी पार्टी पूरी तरह से चुनाव में भुनाने की कोशिश करेगी।

माफिया पर वार भी पार्टी का महत्वपूर्ण हथियार है लिहाजा इसका भी पार्टी पूरी तरह मार्केटिंग करेगी। इस बाबत अपना एजेंडा स्पष्ट करते हुए गाजीपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामचरित मानस की चौपाई गाधितनय मन चिंता व्यापी, हरि बिनु मरहिं न निशिचर पापी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ये माफिया, ये अपराधी बिना प्रभु की कृपा के नहीं मरेंगें। ऐसा विचार इसी धरा से जुड़े ऋषि विश्वामित्र के मन में पहली बार आया। महाराज गाधि, महर्षि विश्वामित्र, ऋषियों और संतों की भूमि के रूप में गाजीपुर का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि माफियाओं पर कैसी कार्रवाई हो इसका सबसे बड़ा उदाहरण यह इलाका है। योगी ने कहा कि, जाति, मत, मजहब की राजनीति किसी का कल्याण नहीं कर सकती है। यही वजह है कि प्रदेश की जनता ने जाति और मजहब से ऊपर उठकर बीजेपी को सेवा का अवसर दिया है।

योगी के अलावा श्री नड्डा ने भी गाजीपुर आकर यह एहसास करा दिया है कि पार्टी के लिए पूर्वांचल कितना महत्वपूर्ण है। अखिलेश यादव पर तंज करते हुए उन्होंने कहा योगी सरकार में माफिया राज खत्म हुआ है और कानून का राज स्थापित हुआ है। नड्डा ने संदेश दिया कि भाजपा ने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को सक्रिय, गरीबों को समर्पित, संवेदनशील एवं जवाबदेह सरकार दी है। नड्डा ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में गांवों से लेकर शहरों, जल, थल और आकाश के लिए चल रही परियोजनाओं को आगे भी जारी रखना है तो फिर सरकार बीजेपी की बनानी होगी।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *