Responsive Menu
Add more content here...
October 7, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

  • Home
  • टॉप न्यूज
  • उपचुनाव में बड़ा दिल दिखाने की तैयारी में सपा!

उपचुनाव में बड़ा दिल दिखाने की तैयारी में सपा!

By Shakti Prakash Shrivastva on August 4, 2024
0 476 Views

                                                                            शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

उत्तर प्रदेश विधानसभा की कुल दस सीटों के लिए हाल ही में उपचुनाव होना है। लोकसभा चुनाव में मिले परिणाम से उत्साहित समाजवादी पार्टी इस चुनाव में भी अपने गठबंधन के सहयोगी दल कांग्रेस के लिए बड़ा दिल दिखाने को तैयार है। हालांकि अभी उपचुनाव को लेकर कोई तिथि निर्धारित नहीं हुई है। लेकिन जिस तरह से सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन उपचुनावों के लिए अपने दो दर्जन से अधिक मंत्रियों की जिम्मेदारी तय की है उससे विपक्ष भी इन चुनावों के लिए गंभीर हो गया है। सियासी गलियारे में इन उपचुनावों को विधानसभा चुनाव के सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है।

इन चुनावों को लेकर जहां एक तरफ सत्ताधारी बीजेपी और उसके गठबंधन के साथी मिलकर लोकसभा में लगे दाग को धुलना चाहते है वहीं विपक्षी गठबंधन खासकर सपा और कांग्रेस भी अपना लोकसभा वाला प्रदर्शन दुहराने की जुगत में है। सत्ता  और विपक्ष के गठबंधन साथियों की तैयारियों को देख कर ऐसा लगता है कि अमूमन सामान्य तौर पर लड़ा जाने वाला उपचुनाव इस बार प्रतिष्ठापरक बनता जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव के मद्देनजर अपने सरकार के तीस  की संख्या में मंत्रियों को चुनाव अभियान में उतार दिया है। इससे यह साफ झलकता है कि बीजेपी इस चुनाव में हर हालत में अधिकाधिक सीटें जीतने के लिए प्रतिबद्ध दिख रही है। लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर बीजेपी आलाकमान ने सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ पर ठीकरा फोड़ने की कोशिश की थी। यह अलग बात है कि चंद दिनों की जद्दोजहद के बाद आखिरकार यह भूचाल बन रहा मामला शांत हो गया। लेकिन उपचुनाव में एक बार सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ के ऊपर परिणाम का दबाव अपेक्षाकृत अधिक होगा। इसलिए वो हर संभव प्रयास करेंगे कि अधिकाधिक परिणाम उनके पक्ष में आयें। हालांकि जिन दस सीटों के लिए चुनाव होना है उनमे पूर्व में पाँच सीटों पर समाजवादी पार्टी, तीन पर बीजेपी और एक-एक पर बीजेपी के सहयोगी निषाद पार्टी व राष्ट्रीय लोकदल काबिज थे। ऐसे में बीजेपी और सपा दोनों के लिए ही पलड़ा लगभग बराबर का रहा है। लेकिन इस चुनाव में दोनों ही पार्टियां अपना आंकड़ा बढ़ाकर अपने जनाधार बढ़ने का प्रमाण देने की कोशिश करेंगी।

इन चुनावों में भी मुकाबला एनडीए और आइएनडीए के बीच ही होगा। विपक्ष की आइएनडीए गठबंधन बीते लोकसभा चुनाव परिणामों से खासा उत्साहित है लिहाजा वो खासकर सपा-कांग्रेस मिलकर ही चुनाव मैदान में जाएंगे। कांग्रेस ने जिस तरह महाराष्ट्र और हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनावों में सपा के लिए वाजिब हिस्सेदारी देने का संकेत दिया है उससे सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव भी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के लिए बड़ा दिल रखने का मन बना लिए है। मिल रही जानकारी की मुताबिक उपचुनावों के लिए प्रस्तावित दस सीटों में से तीन सीटों पर संभव है कि कांग्रेस के उम्मीदवार चुनाव लड़ें। प्रदेश में जिन 10 सीटों पर उपचुनाव होना है, उनमें पांच सीटें करहल, कटेहरी, मिल्कीपुर, कुंदरकी व सीसामऊ सपा के पास थीं। जबकि खैर, गाजियाबाद व फूलपुर बीजेपी के पास थीं। मझवां निषाद पार्टी व मीरापुर रालोद के पास थी।

 

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *