Responsive Menu
Add more content here...
August 9, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

फिर कोरोना की दस्तक, दिल्ली में अलर्ट

By Shakti Prakash Shrivastva on May 26, 2025
0 386 Views

                                                                                   शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव
चंद वर्षों पहले पूरी दुनिया को अपने आगोश में ले असमय इंसानी जिंदगियों से खेलने वाली खतरनाक बीमारी कोरोना ने फिर से दस्तक दे दी है। शुरुआत में सिंगापुर और हॉन्ग कॉन्ग जैसे देशों में दस्तक देने के बाद अब उसने फिर से भारत का रुख किया है। मौजूदा समय में अपने भारत देश में भी कोरोना मरीजों की संखया में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। मौजूद आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना पीड़ितों की संख्या 250 पार कर गई है। दिल्ली-एनसीआर में भी इसने दस्तक दे दी है। दिल्ली में 27, गुरुग्राम और फरीदाबाद में दो-दो तथा गाजियाबाद में चार मरीजो में कोरोना की पुष्टि हुई है। दिल्ली सरकार ने स्थिति पर नजर रखते हुए संबन्धित विभागों को अलर्ट जारी किया है।
इस बार कोरोना के जो मामले बढ़ते दिख रहे हैं उनके लिए कोरोना के JN.1 वैरिएंट को जिम्मेदार माना जा रहा है। यह ओमिक्रॉन का एक नया सब-वैरिएंट है। सिंगापुर में अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या बढ़ी है और हॉन्ग कॉन्ग में मौतें भी हुई हैं। इस वजह से दुनियाभर के वैज्ञानिको की नजर इस नए वैरिएंट पर हैं। भारत में वायरस के 257 एक्टिव केस बताए जा रहे हैं और इनमें दो लोगों की मौत भी हो गई है।
ओमिक्रान के जिस वैरिएंट को कोरोना केसों में बढ़ोत्तरी की वजह माना जा रहा है उसके लक्षण कोरोना के अन्य वैरिएंट की तरह ही हैं। इसका सबसे आम लक्षण दस्त होना यानी डायरिया है। अधिकांश संक्रमित लोगों में ऊपरी श्वसन तंत्र से संबंधित हल्के लक्षण पाए गए हैं। कुछ सामान्य लक्षणों में बुखार, नाक बहना, गले में खराश, सिरदर्द, अत्यधिक थकान, मांसपेशियों में कमजोरी, थकावट और मामूली जठरांत्र संबंधी समस्याएं शामिल हैं। कुछ मामलों में, नए वैरिएंट में भूख न लगना और लगातार मतली भी हो सकती है। ये लक्षण आमतौर पर हल्के होते हैं और आमतौर पर चार से पांच दिनों के भीतर ठीक हो जाते हैं।
भारत में 19 मई 2025 तक 257 एक्टिव केस थे, जो पिछले एक साल में सबसे ज्यादा हैं। लेकिन स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि चिंता की बात नहीं है। अभी तक कोई गंभीर मरीज नहीं मिला है। किसी को अस्पताल में भी भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी है। सबसे ज्यादा केस केरल, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में हैं, लेकिन देश की जनसंख्या के हिसाब से ये संख्या बहुत कम है।
FPJ की रिपोर्ट के अनुसार, हॉन्गकॉन्ग और सिंगापुर जैसे देशों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं। सिंगापुर में एक हफ्ते में केस 11,100 से बढ़कर 14,200 हो गए। वहां अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या भी 30% बढ़ी। इधर हॉन्ग कॉन्ग में 1 हफ्ते में 31 मौतें और 1,000 से ज्यादा नए केस सामने आए। इसी वजह से भारत ने सतर्कता बढ़ा दी है और सभी राज्यों से आनेवालों पर निगरानी रखने की सलाह दी है।
जानकारों का मानना है कि अभी भारत में कोरोना की स्थिति काबू में है। लेकिन इस नए वैरिएंट के कारण सावधानी जरूरी है। दिल्ली में बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए सरकार ने अलर्ट जारी कर दिया है। हल्के लक्षण दिखें तो टेस्ट करवाएं और जरूरत हो तो डॉक्टर से सलाह लें। अपने हाथों को नियमित रूप से अपने हाथ धोएं, मास्क पहनें, भीड़ वाली जगह पर न जाएं और सुरक्षित रहने के लिए कोविड-19 से जुड़ी अन्य सावधानियों का पालन करें।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *