लखनऊ, (मुख्य संवाददाता)। उत्तर प्रदेश में कोरोना का लगभग समाप्त हो चुके प्रभाव को देखते हुए सरकार ने शुक्रवार को एक अहम निर्णय लिया। सरकार ने पूरे प्रदेश को पूरी तरह अनलाक करने का फैसला लेते हुए रविवार को चल रहे साप्ताहिक बंदी को भी खत्म कर दिया है। अब रविवार को भी सारे बाजार, मॉल, उद्योग और कारखाने खुल सकेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना की रोकथाम के लिए बनाई गई टीम-9 की बैठक में ये फैसला लिया है। जल्द ही इसके लिए गाइडलाइन भी जारी कर दी जाएगी।
सरकार के इस फैसले की जानकारी देते हुए प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा कि नाइट कर्फ्यू पहले कि तरह ही रात 10:00 बजे से लेकर सुबह 6:00 तक जारी रहेगा। इस दौरान दो गज की दूरी और सैनिटाइजर के साथ कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। 15 जिलों को कोरोना मुक्त घोषित किया गया है। इनमें अलीगढ़, अमेठी, बदायूं, बस्ती, देवरिया फर्रुखाबाद, हमीरपुर,हरदोई, हाथरस, कासगंज, महोबा, मिर्जापुर, संतकबीरनगर, श्रावस्ती और शामली शामिल हैं। इन जिलों में अब कोई भी कोरोना मरीज नहीं है। यहां औसतन हर दिन ढाई लाख से अधिक टेस्ट हो रहे हैं, जबकि पॉजिटिविटी दर 0.01 बनी हुई है। सरकार के मुताबिक, इन जिलों में रिकवरी दर 98.6% है। प्रदेश को अनलाक करने के फैसले के साथ ही सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि शनिवार को केवल सेकेंड डोज वैक्सीन लगाई जाएगी। कुछ जिलों में डेंगू के मरीजों की भी पुष्टि हुई है। इन जिलों में विशेष सावधानी बरतने के आदेश दिए गए हैं। प्रदेश में ऑक्सीजन प्लांट लगाने का काम तेजी से पूरा किया जाए। अब तक प्रस्तावित 555 प्लांट में से 329 प्लांट शुरू हो चुके हैं। श्री अवस्थी की मुताबिक मार्च से लगाए गए लॉकडाउन को प्रदेश सरकार ने 8 जून को खत्म कर दिया था। हालांकि, वीकली लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू जारी था। इसके बाद 11 अगस्त को दूसरे चरण में शनिवार का लॉकडाउन हटाया गया और तीसरे चरण में आज पूरी तरह से लॉकडाउन खत्म कर दिया गया।