Responsive Menu
Add more content here...
November 26, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

विपक्षी गठबंधन को धार देंगे अखिलेश यादव

By Shakti Prakash Shrivastva on August 24, 2025
0 256 Views

                                                                 शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव
दिल्ली के विधानसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए के घटक दलों का जो रवैया दिखा उससे यह लगने लगा था कि अब विपक्षी एकता का किला बनने से पहले ही ढह जाएगा। क्योंकि इस चुनाव में दिल्ली की तत्कालीन सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और गठबंधन के घटक दलों में कोई सामंजस्य नही दिखा। सब अपनी-अपनी ढपली अपना-अपना राग आलाप रहे थे। कोई किसी से अपने को कम बताने को तैयार नहीं था। लिहाजा सियासी गलियारों में इस गठबंधन का भविष्य बहुत उत्साहजनक या स्थायित्व सरीखा नहीं दिखा। क्या समाजवादी पार्टी और क्या कांग्रेस सभी दल अलग थलग रहे जिसका परिणाम ये रहा कि परिणाम एकतरफा बीजेपी के पक्ष में चला गया। अब जबकि बिहार में विधानसभा का चुनाव होने जा रहा है। एक बार ऐसा लग रहा है कि विपक्षी गठबंधन के घटक दल अपनी गलती में सुधार करते हुए फिर एकजुट होते दिख रहे है। राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के साथ साथ उत्तर प्रदेश की सियासत में अहम योगदान देने वाली समाजवादी पार्टी भी रुचि ले रही है। बिहार में जहां चुनाव के लिए सियासी जमीन तैयार करने के लिए राजद और कांग्रेस मिलकर वोट अधिकार यात्रा निकाल रहे है वही सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भी इस यात्रा में शिरकत करने का ऐलान कर यह एहसास करा दिया है कि बतौर गठबंधन के मजबूत घटक वो भी साथ में हैं।
उत्तर प्रदेश में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का सियासी साथ पहली बार तो फ्लाप रहा लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव में काफी सार्थक साबित हुआ। पिछले परिणाम से उत्साहित अखिलेश चाहते हैं की इस बार बिहार की सियासत में भी उत्तर प्रदेश वाला प्रयोग दुहराया जाए। साथ ही राष्ट्रीय जनता दल का जातीय समीकरण उसमें सोने में सुहागा साबित होगा। हाल के दिनों में जिस तरह अखिलेश यादव ने पीडीए यानि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यकों के समीकरण के बलबूते सियासत में अपनी अलग जगह बनाई है उसको टेस्ट करने के लिए बिहार का विधानसभा चुनाव एक बढ़िया अवसर है। इस अवसर को सपा सुप्रीमो किसी भी कीमत पर गंवाना नहीं चाहते हैं। उन्हे यह भली-भांति मालूम है कि इस चुनाव का सार्थक परिणाम उनको उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा के चुनाव में खासा मजबूती देगा।
चूंकि बिहार पूरे देश में जातीय सियासत की सबसे बड़ी प्रयोगशाला है। यहाँ किसी भी जातीय सियासत के फार्मूले को परखा जा सकता है। यही वजह है कि बिहार में सियासत का लंबा अनुभव रखने वाली कांग्रेस, जातीय सियासत में दशकों तक सफल रही पार्टी राष्ट्रीय जनता दल और बगल के राज्य उत्तर प्रदेश में राजद की ही तरह जातीय समीकरण आधारित सियासत करने वाली समाजवादी पार्टी का अब एकसाथ आना दशकों से सरकार में काबिज रहने वाली नीतीश कुमार की सरकार के लिए खतरे की घंटी साबित हो सकती है। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव फिलहाल राजद और कांग्रेस की जमीनी मुहिम वोट अधिकार यात्रा में शामिल होने के लिए 28 अगस्त को पटना जाने वाले हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उपमुख्यमंत्री रहे तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई थी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव 28 अगस्त को अधिकार यात्रा में शामिल होंगे। 16 दिन की यात्रा करीब 1300 किलोमीटर का सफर पूरा करने वाली है। इस यात्रा का समापन 1 सितंबर को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मेगा रैली के साथ होना है। अखिलेश यादव भी इस रैली का हिस्सा होंगे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *