Responsive Menu
Add more content here...
October 9, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

धनंजय की पत्नी के चुनाव न लड़ने का खुला राज !

By Shakti Prakash Shrivastva on May 16, 2024
0 534 Views

                                                                                              शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

सियासत में नेताओं का किसी पार्टी में शामिल होना या पार्टी छोड़ना अब अचरज नहीं पैदा करता है। क्योंकि नेताओं के लिए अब ये आम बात हो गई है। अब तो आलम ये है कि कोई नेता आज कोई पार्टी ज्वाइन करता है और अगले ही दिन उसे छोड़ दूसरी पार्टी ज्वाइन कर लेता है। अभी उत्तर प्रदेश के मथुरा लोकसभा सीट पर देश के मशहूर मुक्केबाज बेजेन्द्र सिंह काँग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे लेकिन महज तीन दिन के अंदर ही न केवल अपनी प्रत्याशिता से तौबा कर लिया बल्कि बीजेपी ज्वाइन कर लिया। इस समय देश में लोकसभा का चुनाव चल रहा है। सात चरणों में सम्पन्न होने वाले इस चुनाव में अब तक चार चरण सकुशल सम्पन्न हो गए है। इसमें बहुतेरे ऐसे नेताओं के उदाहरण है जिन्होंने अपनी सियासी आस्था देखते-देखते बदल ली। सालों से किसी पार्टी में रहे लेकिन मौजूदा चुनावी दौर में अपने मन मुताबिक पाला बदल लिया। प्रदेश में अभी सर्वाधिक चर्चा में जौनपुर सीट रही। यहाँ से बाहुबली सांसद रहे धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला धनंजय बीएसपी उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरी। जब उन्होंने उम्मीदवारी फाइनल की तो उनके पति धनंजय सिंह जेल में थे। स्थानीय शिकायत पर उन्हे जौनपुर जेल से बरेली जेल स्थानांतरित कर दिया गया। कोर्ट के आदेश पर उन्हे जमानत मिली और वो कुछ दिनों में ही वापस जौनपुर आ गए। जेल से निकल धनंजय ने उत्तराखंड जाकर नीम करौली बाबा का आशीर्वाद लिया और फिर पत्नी श्रीकला की चुनावी प्रबंधन संभालने जौनपुर आ गए। जोर-शोर से तैयारियां शुरू ही हुई थी कि अचानक रात में धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया। धनंजय सिंह ने कहा कि बीएसपी ने मेरी पत्नी का टिकट काटकर उनकी जगह निवर्तमान सांसद श्याम सिंह यादव को टिकट दे दिया है। हालांकि बीएसपी के इलाकाई कोआर्डिनेटर का कहना है कि आरोप गलत है पार्टी ने टिकट नहीं काटा बल्कि धनंजय सिंह ने ही रात में ग्यारह बजे के करीब फोन कर अपने पिता का हवाला देकर चुनाव लड़ने से मना किया था।

ऐसे में सियासी गलियारे में इस स्थिति का विश्लेषण किया जाने लगा कि आखिर सच्चाई क्या है। इस बीच धनंजय सिंह ने अपने कार्यकर्ताओं-नेताओं के साथ बैठक कर उसमें बीजेपी को समर्थन देने की घोषणा कर दी। यहाँ से सियासी जानकारों को समझ आने लगा कि कहीं न कही धनंजय के इस निर्णय के पीछे बीजेपी का हाथ है। चंद रोज ही बीते उनकी कयासबाजी को आधार मिलने लगा। हुआ ये कि बुधवार को धनंजय की पत्नी श्रीकला ने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। उन्होंने मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने फ़ोटो कैप्शन में शिष्टाचार भेंट का जिक्र किया। लेकिन राजनीति का ककहरा जानने वाला भी यह जानता है कि मामला किस दिशा में बढ़ रहा है।

धनंजय सिंह ने कार्यकर्ताओं की बैठक में बाकायदा केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि दोनों जगह बहुत ही मजबूत अच्छी और पारदर्शी निर्णय लेने वाली सरकार काम कर रही है। विगत 10 वर्षों में सरकार ने सर्व साधारण के कल्याण के लिए अच्छे निर्णय लिए हैं। विदेशों में भी देश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अब वे चुनाव से हट गए हैं लेकिन आप देखें की कौन-कौन यहां से चुनाव में प्रत्याशी है। इस तरह अब इन संभावनाओं को बाल मिल रहा है कि श्रीकला जल्द ही बीजेपी में शामिल होने वाली हैं।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *