Responsive Menu
Add more content here...
August 9, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

  • Home
  • टॉप न्यूज
  • शादी के इच्छुक बुजुर्ग होशियार : प्रदेश में सक्रिय है शातिर लुटेरी दुल्हनों का गैंग

शादी के इच्छुक बुजुर्ग होशियार : प्रदेश में सक्रिय है शातिर लुटेरी दुल्हनों का गैंग

By Shakti Prakash Shrivastva on April 26, 2022
0 577 Views

लखनऊ, (प्रमुख संवाददाता)।  जीवन में सफल होने की कवायद में व्यक्ति शादी की दहलीज वाली उम्र कब पार कर जाता है उसे पता ही नहीं चलता। जब तक एहसास होता है देर हो चुकी होती है। बढ़ते उम्र वाले शरीर में युवाओं की उन्मादी अंगड़ाई वाला मन यह मानने को तैयार ही नहीं होता। सो शादी के लिए सुंदर युवा अर्धांगिनी का सपना सँजोये इस बाबत ताना-बाना बुनने लगता है। हालांकि बाजार आधारित समाज इसमें सहयोगी बन सकता है लेकिन उसके लिए सही-गलत की पहचान होना भी आवश्यक है वरना स्वपनसुन्दरी की तलाश में ठग सुंदरियों से भी साबका पड़ सकता है। क्योंकि आजकल प्रदेश में ठग सुंदरियों के ऐसे गैंग सक्रिय है जो सुंदर पत्नी की चाहत में बेजार बुजुर्गों को जीवन के हसीन सपने दिखा उन्हे शातिर तरीके से लूटने का काम अंजाम देने में माहिर है। इस संदर्भ में हालिया मामला आगरा का है जहां बीते दस दिनों के अंदर दो दूल्हों को लुटेरी दुल्हनों द्वारा ठगने के बाद फरार होने का मामला सामने आया है। दोनों ही मामलों में दूल्हों की उम्र अधिक होने के कारण बिचौलियों के द्वारा अनजान परिवार में शादी तय करवाई गई थी। आगरा के थाना एत्माउद्दौला क्षेत्र के एक होटल में बिचौलियों द्वारा एक लाख रुपए लेकर अलीगढ़ के युवक की शादी कराने के बाद कोर्ट मैरिज के दौरान दुल्हन गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। परेशान दूल्हे ने बिचौलियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। दूल्हे का आरोप है कि वहां उसकी तरह चार शादियां कराई गईं थीं और यह लोग गैंग बनाकर ठगी का काम कर रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। हुआ ये कि आगरा के थाना एत्माउद्दौला अंतर्गत त्यागराज होटल में एक शादी हुई। मूल रूप से मथुरा और वर्तमान में अलीगढ़ के रहने वाले मोहन ने अलीगढ़ निवासी वीरपाल, संजय और आगरा के टेढ़ी बगिया निवासी बंटी के जरिए एक लाख रुपए देकर शादी का रिश्ता तय करवाया गया। तीनों आरोपियों के साथ शीतल नामक महिला ने उन्हें बनारस की रहने वाली पूजा शर्मा को गरीब बताकर उसकी शादी मोहन से तय करवा दी। 24 अप्रैल को होटल के हॉल में दोनों का विवाह संपन्न हुआ। पीड़ित दूल्हे मोहन की मुताबिक रात साढ़े ग्यारह बजे फेरों की रस्म हो गई। भोजन आदि के पश्चात सुबह साढ़े तीन बजे दुल्हन को विदा कराकर अलीगढ़ ले गए। कानूनी मान्यता के लिए पत्नी को लेकर अलीगढ़ न्यायालय  पहुंचे। लिखा-पढ़ी के बीच अचानक दुल्हन ने टॉयलेट जाने को कहा और वहीं से फरार हो गई। दुल्हन अपने साथ पांच हजार रुपए नकद, पायल और सोने की चेन भी ले गई है। मामला पुलिस में है। इलाकाई पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। दुल्हनों द्वारा दूल्हों को लूट कर भागने का यह पहला मामला नहीं है। बीती 14 अप्रैल को थाना जगदीशपुरा में एक युवक ने ऐसी ही शिकायत की थी। बिचौलिए एनजीओ संचालक ने 80 हजार रुपए और गहने ऐंठ लिए और शादी से दो दिन पहले ही दुल्हन फरार हो गई। पुलिस द्वारा एनजीओ संचालक और दो अन्य पर कार्रवाई की गई और शादी में परिजन बनने वालों की तलाश की जा रही है। एनजीओ संचालक की कथित पत्नी घर से भागी हुई थी और उसके अपहरण का केस थाना सिरसागंज में दर्ज था। उसने अपने बयान में उलटा दूल्हे पर बलात्कार और अपहरण का आरोप लगा दिया है और परेशान दूल्हा अब कोर्ट के चक्कर काट रहा है। आगरा में लुटेरी दुल्हनों का यह नया कारनामा नहीं है। बीते वर्ष पिनाहट कस्बा क्षेत्र में दो भाइयों ने बिचौलिए के जरिए शादी की थी और सुबह शौच के बहाने दोनों फरार हो गईं थीं। आठ माह पूर्व टेढ़ी बगिया क्षेत्र में नई दुल्हन ससुरालीजनों को चाय में नींद की दवा मिलाकर पिलाने के बाद गहने आदि लेकर फरार हुई थी। इसी तरह बीते वर्ष कमलानगर निवासी एक ऑटो चालक ने अपनी मां की देखभाल के लिए फिरोजाबाद की युवती से शादी की थी। दस दिन बाद दुल्हन डेढ़ लाख नकद और सारे गहने लेकर अपने कथित भाई के साथ फरार हो गई थी। पुलिस अभी तक दुल्हन की तलाश नहीं कर पाई है। ऐसा नही है कि इस तरह के मामले सिर्फ आगरा में ही है। ऐसे मामले प्रदेश के अन्य जिलों में भी हैं। अब जरूरत है बुजुर्ग दूल्हों के सतर्क रहने की वरना सतर्कता हटी दुर्घटना घटी।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *