Responsive Menu
Add more content here...
August 9, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

अल्पसंख्यकों के लिए ‘शुक्रिया मोदी’ !

By Shakti Prakash Shrivastva on October 9, 2023
0 538 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

                        लोकसभा चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज होती जा रही है। सभी दल सियासी तैयारियों के बीच अपनी कमजोरियों को दूर करने में लग गए है। इस क्रम में सबसे बड़ी तैयारी अपने मतदाता वर्ग को सहेजने की हो रही है। जैसे बिहार में जातीय जनगणना करा कर वहाँ की सत्तारूढ़ पार्टी की सरकार ने चिन्हित वर्ग विशेष को अपनी ओर आकर्षित करने की कवायद की है। उसी तरह बीजेपी भी एक ऐसे तबके के मतदाताओं को साधने की कोशिश करने जा रही है जो उसका कभी समर्थक नहीं रहा है। वो वर्ग है अल्पसंख्यकों का। इस तबके के अलावा बीजेपी ओबीसी को भी योजनाबद्ध तरीके से रिझाना चाहती है। इसके लिए कई स्तर पर कई तरह के अभियान भी चलाये जा रहे हैं। इसी क्रम में पार्टी का अल्पसंख्यक मोर्चा ‘शुक्रिया मोदी जी’ नाम से एक कार्यक्रम की शुरुआत करने की तैयारी कर रहा है।

पार्टी की योजना ये है कि लोकसभा चुनाव से पहले इस कार्यक्रम के जरिये अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं को अपने साथ लाया जाये। इस’शुक्रिया मोदी जी’ कार्यक्रम के तहत ऐसी कार्ययोजना तैयार की जा रही है जिसमें देशभर में अल्पसंख्यक महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखेंगी। पत्र के माध्यम से ये महिलाएं प्रधानमंत्री को शुक्रिया अदा करेंगी। योजना की मुताबिक इस अभियान के लिए हर जिले में वहाँ के जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया जाना है। अमूमन अपने देश में किसी काम के बदले किसी को शुक्रिया किए जाने की परंपरा है। यहाँ ये महिलाएं महिला आरक्षण कानून, ट्रिपल तलाक और अकेले महिलाओं को हज पर जाने की छूट समेत मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुक्रिया कहेंगी। जानकारों की माने तो ‘शुक्रिया मोदीजी’ कार्यक्रम के तहत हर प्रदेश से तकरीबन 1 लाख अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाएं पत्र लिखेंगी। इस संबंध में बीजेपी के अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. जाफरीन मेहजबीन की तरफ पत्र भी जारी कर दिया गया है। इस पत्र में लिखा गया है कि अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिदीकी के निर्देशानुसार ‘शुक्रिया मोदी जी’ कार्यक्रम की रुपरेखा तय की गई है।पत्र में यह भी विस्तार से बताया गया है कि ‘शुक्रिया मोदी जी’ अभियान प्रदेश और जिला स्तर पर किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रदेश और जिला में अल्पसंख्यक समाज से आने वाली महिलाओं को व्यापक स्तर पर इस अभियान में भागीदार बनाना है।इस अभियान को सफल बनाने के लिए इसे दो भागों में बांटा गया है।

अभियान के पहले भाग में क्षेत्रीय स्तर पर एक प्रभारी और दो सह प्रभारी अभियान के लिए नियुक्त किया जाएगा। जबकि जिला स्तर पर भी एक प्रभारी और दो सह प्रभारी अभियान के लिए नियुक्त होगा। पत्र में यह भी निर्देशित किया गया है कि हर हाल में प्रदेश और जिला स्तर की सूची 15 अक्टूबर तक केंद्रीय कार्यालय को भेज देना है। जबकि अभियान के दूसरे भाग में सभी प्रदेश और जिलास्तर में ‘शुक्रिया मोदी जी’ अभियान का आयोजन किया जाना है। इस आयोजन में एक समर्थन पत्र बनाकर उसपर अभियान का समर्थन करने वाली अल्पसंख्यक महिलाओं का हस्ताक्षर कराकर जिलाधिकारी के पास जमा किया जाएगा। इसके अलावा अल्पसंख्यक महिलाओं द्वारा हस्ताक्षर की कापी के पोस्टर जिले में जगह-जगह लगाए जाएंगे। साथ ही साथ समर्थन पत्र और समर्थकों के साथ जिले में जगह-जगह मोदी सरकार के विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *