Responsive Menu
Add more content here...
June 20, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

संकट में डालर !

By Shakti Prakash Shrivastva on August 21, 2025
0 155 Views

                                                                      शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

अमेरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपनी टैरिफ नीति से दुनिया के कई दर्जन देशों को निशाने पर ले रखा है। उन देशों पर उनकी अर्थव्यवस्था टूटने का खतरा मंडराने लगा है। लेकिन इन सब से बेपरवाह ट्रम्प ये भूल रहे है कि इससे कहीं न कहीं उनके देश के डालर पर भी संकट के बादल छा गए है। और अगर समय रहते उसके लिए उन्होने इंतजामात नहीं किए तो उसका खामियाजा उनको ही भुगतना पड़ेगा। क्योंकि ब्रिक्स देश भी इस मायने में अमेरिका का विरोध कर रहे है।

ट्रम्प के पिछले राष्ट्रपति चुनाव के समय भारत खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके बहुत खास हुआ करते थे। खास इतने कि मोदी ने अबकी बार ट्रम्प सरकार का नारा दिया था और अमेरिका में हाऊदी मोदी जैसा भव्य कार्यक्रम भी हुआ था। लेकिन पिछले दिनों भारत और पाकिस्तान में छिड़े युद्ध के बाद से ट्रम्प, ऐसा व्यवहार भारत और मोदी के साथ करने लगे है जो अचरज पैदा करती हैं। अनाप-शनाप टैरिफ लगाकर ट्रम्प ने अपना रवैया जगजाहिर कर दिया है। रिश्ते और सौहार्द की तो ऐसी-तैसी कर दी है। लेकिन अब भारत ने भी टैरिफ के खिलाफ अपनी प्लानिंग शुरू कर दी है और इसके लिए ब्रिक्स देशों की अहमियत भी समझ में आने लगी है। पहले जब पश्चिमी देश, खासकर अमेरिका ब्रिक्स की आलोचना करता था तो लगता था कि शायद वो चीन के खिलाफ बोल रहा है, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ के खिलाफ ब्रिक्स का मंच जिस तरह से एक समाधान बनकर सामने आया है, उससे अहसास होता है कि आखिर अमेरिका हमेशा से क्यों ब्रिक्स से भड़कता रहा है। ट्रंप ने ब्रिक्स के अहम देशों, भारत, चीन, रूस और ब्राजील के खिलाफ भारी भरकम टैरिफ लगाया हैं और अब ब्रिक्स देश उसी टैरिफ के खिलाफ एकजुट हो गये है। इस टैरिफ के खिलाफ ब्रिक्स की गुटबंदी तेज हो रही है। ब्राजील के राष्ट्रपति लुला का यह बयान कि हम सबको मिलकर इसका जवाब देना होगा। इसी बात का इशारा है कि ब्रिक्स आने वाले वक्त में अमेरिकी डॉलर पर बहुत बड़ा चोट कर सकता है।

डोनाल्ड ट्रंप, बार-बार ब्रिक्स को अमेरिका के खिलाफ बना एक समूह बताते रहे है। ट्रंप को डर लग रहा है कि ब्रिक्स, डॉलर की बादशाहत को चकनाचूर कर देगा और ब्रिक्स के एजेंडे को देखकर ऐसा लगता भी है। हालांकि चीन और रूस तो बहुत पहले से ही ऐसा करना चाह रहे थे, लेकिन भारत ने अपने ‘वीटो’ से इसे रोक रखा था। ब्रिक्स को निशाना बनाने के लिए ट्रंप ने भारत और ब्राजील पर 50% टैरिफ लगाया, दक्षिण अफ्रीका पर 30% और बाकी देशों को भारी भरकम टैरिफ लगाने की धमकी दी है। ट्रंप का आरोप है कि भारत और चीन, दोनों डॉलर को कमजोर करने की साजिश में शामिल हैं। ब्रिक्स में चीन, रूस, भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के अलावा ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र और इथियोपिया भी हैं। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन ने भी भारत पर टैरिफ लगाने को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि भारत पर लगाए गए सेकेंडरी टैरिफ का असर यह होगा कि भारत और ज्यादा रूस और चीन की तरफ झुक सकता है। यह वही भारत है जिसे अमेरिका लगभग ढाई दशकों के अथक प्रयास के बाद अपने करीब लाने में सफल हो पाया था, लेकिन अब ट्रंप की नीतियों ने इतने सालों की मेहनत को खतरे में डाल दिया है।

 

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *