Responsive Menu
Add more content here...
May 1, 2024
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

शहर-ए-गोरखपुर : निगम क्षेत्र में बनेंगी 138 नयी सड़कें

By Shakti Prakash Shrivastva on November 23, 2022
0 137 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

दो दशकों तक गोरखपुर संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले योगी आदित्यनाथ जबसे सूबे के मुख्यमंत्री हुए हैं तबसे गोरखपुर के दिन बहुर गए हैं। पूरे प्रदेश में हो रहे चौतरफा विकास के साथ-साथ गोरखपुर का भी तेजी से विकास हो रहा है। विकास की रीढ़ सड़कों का तो जाल बिछाया जा रहा है। नगर निगम क्षेत्र की कई सड़कें फोरलेन हो गयी है और एक सड़क सिक्स लेन बन रही है। कई फ्लाइओवरों का निर्माण प्रस्तावित है। निगम क्षेत्र में 138 नयी सड़कें बनने जा रही हैं। सड़कों के साथ ही नालियों का भी निर्माण करने का प्रस्ताव है। इस मद में लगभग पचास करोड़ रुपया खर्च किया जाना है।

निगम क्षेत्र में हो रहे इन विकास कार्यों के लिए नगर निगम गोरखपुर को ही कार्यदाई संस्था बनाए जाने से निगम की भी पौ बारह है। इससे न केवल निगम की साख बढ़ी है बल्कि उसकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है। हालिया वित्तीय वर्ष में लगभग ढाई सौ करोड़ के विकास कार्यों के लिए निगम को कार्यदाई संस्था बनाया जा चुका है। इससे नगर निगम के कर्मचारी-अधिकारी भी खासे उत्साहित हैं। निगम क्षेत्र में नयी सड़कों के निर्माण के बाबत शासन के संयुक्त सचिव डा. संजीव भारद्वाज ने सड़कों की सूची भेजकर आगणन रिपोर्ट मांगी है। जो निर्माण कार्य होंगे वो त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत किए जाएँगे। पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्वरित आर्थिक विकास योजना में नगर निगम को तकरीबन दो सौ करोड़ के कार्यों को कराने की जिम्मेदारी दी थी। इनमें से ज्यादातर काम शुरू हो चुके हैं। कई काम पूरे भी हो चुके हैं। इसकी रिपोर्ट लगातार शासन को भेजी जा रही है। कार्य की गुणवत्ता के लिए नगर निगम के अफसर लगातार निरीक्षण तो कर ही रहे हैं, नागरिकों से भी फीडबैक लिया जा रहा है। शासन की जिस सूची में सड़कों का प्रावधान है उसकी मुताबिक 74 मीटर की लंबाई से लेकर 832 मीटर लंबाई तक की सड़कें शामिल हैं। इन सड़कों के साथ ही नालियों का भी निर्माण होना है। यदि इन सभी प्रस्तावित सड़कों की लंबाई को आपस में जोड़ दिया जाए तो यह लगभग 50 किलोमीटर से भी ज्यादा होगी। इन सभी निर्माण कार्यो की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इनकी अधिकांशतः सड़कें सीसी (सीमेंट-कंक्रीट) की बनेंगी। इससे सड़कों के बार-बार टूटने की समस्या नहीं रह जाएगी। शासन की तरफ से हाल में कुछ नए क्षेत्र निगम क्षेत्र में शामिल किए गए हैं। लिहाजा नगर निगम के 70 वार्डों में सड़कों के निर्माण के साथ ही इन नए क्षेत्रों के लिए भी 20 सड़कों को स्वीकृति दी गयी है। 19 सड़कें जंगल हकिम नंबर दो और एक सड़क हरसेवकपुर नंबर दो में बनेगी। इन इलाकों में इंटरलाकिंग सड़कें बनायी जाएंगी। इतना ही नहीं त्वरित आर्थिक विकास के अंतर्गत शासन ने गोरखपुर जिले की छह नगर पंचायतों में भी 20 सड़कें बनाने की स्वीकृति दी है। इनमें पीपीगंज में चार, कैंपियरगंज में तीन, सहजनवांस में तीन, उनवल में चार, मुंडेरा बाजार में तीन और पिपराइच नगर पंचायत में तीन सड़कें शामिल हैं।

गोरखपुर के नगर आयुक्त अविनाश सिंह की मुताबिक मुख्यमंत्री जी के भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति का नगर निगम पूरी तरह पालन कर रहा है। यही वजह है कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में नगर निगम को तकरीबन 250 करोड़ रुपये के कार्यों के लिए कार्यदायी संस्था बनाया जा चुका है। जिन कार्यों का मुख्यमंत्री जी ने पिछले दिनों शिलान्यास किया था, उनमें से ज्यादातर काम या तो पूरे हो चुके हैं या होने वाले हैं। शासन की मांग के अनुसार 138 नई सड़कों के आगणन की रिपोर्ट भी जल्द ही शासन को प्रेषित कर दी जाएगी।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *