Responsive Menu
Add more content here...
August 9, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

जाम के झाम से मुक्ति, सीधे पहुंचिए काशी विश्वनाथ धाम

By Shakti Prakash Shrivastva on December 18, 2022
0 617 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

यूं तो हर शहर में शहरवासियों को सड़कों पर जाम की समस्या से जूझना पड़ता है लेकिन शहर बनारस में ये समस्या अन्य शहरों की तुलना में कुछ ज्यादा ही है। उसमें भी यदि काशी-विश्वनाथ धाम की तरफ जाना हो तो फिर क्या पूछना। गोदौलिया और मैदागिन का जाम स्वागत करेगा ही करेगा। लेकिन आप सभी के लिए खुशखबरी ये है कि नए साल में एक ऐसी व्यवस्था होने जा रही है जिससे आप सीधे काशी-विश्वनाथ धाम पहुँच जाएँगे वो भी बिना किसी जाम के झाम से रूबरू हुए। 2023 में अप्रैल महीने से गंगा नदी में नमो घाट और रविदास घाट से सीधे काशी विश्वनाथ धाम के लिए सौर ऊर्जा चालित सोलर वाटर टैक्सी चलेगी। जलमार्ग से जाने में कही कोई जाम जैसी समस्या नहीं होगी। लिहाजा श्रद्धालु कम समय और कम खर्च में दर्शनार्थ काशी-विश्वनाथ धाम पहुँच जाएँगे। धाम के लिए हर घंटे टैक्सी चलाने की योजना है। इस योजना के तहत काशी विश्वनाथ धाम को जलमार्ग से जोड़कर गंगा द्वार से श्रद्धालुओं के प्रवेश की योजना को धरातल पर उतारने के लिए प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। शुरुआत में दो सोलर वाटर टैक्सी को संचालित किए जाने की योजना है। इसे काशी विश्वनाथ धाम के समानांतर गंगा के दोनों ओर संचालित किया जाएगा। इसके लिए बाकायदा गंगा में रूट निर्धारण के लिए जेटी के जरिये डिवाइडर बनाया जाएगा। इसमें जाने के लिए अलग मार्ग होगा जबकि आने के लिए अलग।

प्रशासन इस बाबत सोलर वाटर टैक्सी संचालन के लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत भी संभावना तलाश रही है। इसके अलावा पर्यटन विभाग के जरिये सोलर वाटर टैक्सी के संचालन की भी योजना है। शुरू में 20 से 30 सीटर सोलर वाटर टैक्सी के संचालन करने और उसके किराये निर्धारण जैसे पहलुओं पर मंथन किया जा रहा है। जल्द ही कमेटी का गठन हो जाएगा।  इस तरह वाटर टैक्सी संचालित करने वाला देश का दूसरा शहर होगा बनारस। देश में पहले से ही मुंबई और नवी मुंबई के बीच वाटर टैक्सी चलाया जा रहा है। इसके लिए गंगा द्वार के नीचे ललिता घाट पर जेटी का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए स्थान का निर्धारण कर प्रशासन ने सर्वे आदि की कार्रवाई शुरू कर दी है। नदी में सभी नाव, क्रूज सहित अन्य बोट को निर्धारित रूट से आगे बढ़ाया जाएगा। गलत लेन में जाने वाली नावों पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा की मुताबिक अप्रैल 2023 से टैक्सियों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। यहाँ रेस्टोरेंट और कैफे की भी सुविधाएं मुहैया की जाएंगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *