Responsive Menu
Add more content here...
August 9, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

रिटायर नहीं होंगे!

By Shakti Prakash Shrivastva on August 31, 2025
0 337 Views

                                                                          शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

बीजेपी के अंदर और बाहर उपजे हालात अब इस बात की तसदीक करने लगे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिचहत्तर साल पूरा करने के बाद भी अपने पद पर बने रहेंगे। क्योंकि आपको याद होगा कि पार्टी ने केंद्र की सत्ता पर काबिज होते ही इस व्यवस्था का ऐलान किया था कि पिचहत्तर साल की उम्र पार करने वाले नेता को सीधी सियासत से बाहर कर दिया जाएगा। इस व्यवस्था के शुरुआती शिकार पार्टी के संस्थापकों में शुमार अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे दिग्गज नेता हुए। बाद में भी इसका अनुपालन होता रहा। अब जबकि अगले महीने यानि सितंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने उम्र के पिचहत्तरवे पड़ाव को लाँघेंगे वहीं पार्टी की मार्गदर्शक मानी जाने वाली संस्था राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मुखिया मोहन भागवत भी उम्र के पिचहत्तर बसंत देख चुके होंगे। अब कयासबाजी इस बात की होने लगी है कि क्या ये दोनों दिग्गज पार्टी हाइकमान द्वारा स्थापित दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए अपने-अपने पद से इस्तीफा देंगे। हालांकि मौजूदा सियासी तस्वीर यह बताने के लिए काफी है कि दोनों अपने-अपने पदों पर बने रहेंगे।

पिछले दिनों जुलाई महीने की बात है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने सार्वजनिक जीवन में लोगों की रिटायरमेंट की उम्र को लेकर कुछ बातें कहीं हैं। उन्होंने नागपुर में संघ के विचारक मोरोपंत पिंगले की एक किताब के लोकार्पण के मौके पर कहा कि जब आप 75 साल के हो जाते हैं, तो इसका मतलब है कि अब आपको रुक जाना चाहिए और दूसरों के लिए रास्ता बनाना चाहिए। उन्होंने पिंगले का जिक्र करते हुए उनकी कही बात भी बताई जिसमें पिंगले ने एक बार कहा था कि अगर 75 साल के होने के बाद आपको शॉल से सम्मानित किया जाता है, तो इसका मतलब है कि अब आपको रुक जाना चाहिए, आप बहुत बूढ़े हो गए हैं, हट जाइए और दूसरों को आने दीजिए।

संघ प्रमुख के इस बयान के बाद यह माना जाने लगा कि संघ प्रमुख ने इशारों इशारे में बात प्रधानमंत्री मोदी के लिए भी कह दी है। मतलब स्वयं तो हटेंगे ही साथ में मोदी को भी पद से हटाने का माहौल तैयार कर दिया। लेकिन महज एक महीने बीते और अब संघ प्रमुख का जो ताजातरीन बयान आया है। उससे पूरा परिदृश्य ही बदल गया। अब तो ऐसा लगने लगा है कि न तो संघ प्रमुख ही सितंबर में हट रहे है और न ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। गुरुवार को संघ के 100 साल पूरा होने के मौके पर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ  प्रमुख मोहन भागवत ने स्पष्ट कहा कि मैंने कभी नहीं कहा कि मैं 75 साल की उम्र में रिटायर हो जाऊंगा या किसी और को रिटायर होना चाहिए। बता दें कि पीएम मोदी और मोहन भागवत अगले महीने 75 वर्ष के होने जा रहे हैं। संघ प्रमुख ने अपने पुराने बयान के बाबत कहा कि मैंने ये बात संघ के वरिष्ठ प्रचारक दिवंगत मोरोपंत पिंगले जी के बयान का हवाला देते हुए उनके विचार रखे थे। मैंने ये नहीं कहा कि मैं रिटायर हो जाऊंगा या किसी और को रिटायर हो जाना चाहिए। हम जिंदगी में किसी भी समय रिटायर होने के लिए तैयार हैं और संघ हमसे जिस भी समय तक काम कराना चाहेगा, हम संघ के लिए उस समय तक काम करने के लिए भी तैयार हैं।

हालांकि अब दोनों के रिटायरमेंट के महज चंद रोज बचे है। समय आने पर स्पष्ट हो जाएगा कि ये लोग पद पर बने रहते हैं या दूसरों के लिए पद छोड़ते हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *