Responsive Menu
Add more content here...
August 10, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

  • Home
  • टॉप न्यूज
  • यूपी उपचुनाव परिणाम : आकाश ने बचाई बीजेपी की लाज

यूपी उपचुनाव परिणाम : आकाश ने बचाई बीजेपी की लाज

By Shakti Prakash Shrivastva on December 8, 2022
0 542 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

उत्तर प्रदेश में मैनपुरी, रामपुर और खतौली में हुए उपचुनाव के परिणाम ने जहां समाजवादी पार्टी को संजीवनी देने का काम किया है वहीं सत्तारूढ़ बीजेपी की पेशानी पर चिंता की लकीरें उभार दी हैं। गुरुवार को आज जब सुबह नियत समय पर मतगणना की शुरुआत हुई तो उत्तर प्रदेश बीजेपी के लिए बहुत उत्साहजनक या ये कहें शुभता वाला नहीं रहा। क्योंकि शुरुआती रुझान में मैनपुरी, खतौली और रामपुर तीनों ही जगहों पर बीजेपी के प्रत्याशी पीछे चल रहे थे। मतगणना के राउंड और उनके परिणाम की खबरें दोपहर तक बीजेपी प्रदेशी आलाकमान को परेशान किए रखीं। गनीमत ये रहा कि रामपुर में बीजेपी प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने दोपहर के बाद अपने निकटतम प्रतिद्वंदी आसिम राजा को न केवल पीछे कर दिया बल्कि लगभग तैतीस हजार वोटों से अंततः उन्हे पराजित भी कर दिया। इस परिणाम ने रामपुर में लगभग सात दशकों के बाद किसी दूसरे तबके का प्रतिनिधित्व होने का रिकार्ड भी कायम किया।

चुनाव परिणाम में उक्त तीनों सीटों में दो पर समाजवादी या उनके सहयोगी विजयी रहे जबकि एक सीट बीजेपी के खाते में रही। इनमें लोकसभा के लिए हुए मैनपुरी उपचुनाव में सपा प्रत्याशी डिम्पल यादव ने दो लाख से अधिक अंतर से बीजेपी प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को पराजित किया जबकि खतौली विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय लोकदल-सपा गठबंधन के प्रत्याशी मदन भैया ने बीजेपी प्रत्याशी राजकुमारी सैनी को हराया। तीसरा उपचुनाव कद्दावर समाजवादी नेता आजम खान के गढ़ रामपुर विधानसभा के लिए हुआ जिसमें बीजेपी प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने न केवल चुनाव जीता बल्कि बीजेपी की लाज बचाने का भी काम किया। हालांकि रामपुर में मतगणना के शुरुआत में सपा के उम्मीदवार आसिम राजा बीजेपी उम्मीदवार से बीसवें राउंड तक बढ़त बनाए हुए थे। लेकिन उसके बाद इक्कीसवीं राउंड में बीजेपी प्रत्याशी ने आसिम राजा को पीछे कर दिया। और अंत तक यह बढ़त लगातार बना रहा और अंततः आकाश ने चुनाव जीत कर आजम खान के गढ़ को फतह करने का रिकार्ड अपने नाम कर लिया। बीजेपी के पूर्व विधायक शिव बहादुर सक्सेना के पुत्र आकाश सक्सेना ने यह जीत हासिल कर पहली बार रामपुर में कमल खिलाने का भी रिकार्ड बनाया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *