Responsive Menu
Add more content here...
August 11, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

‘डान’ को भी जान का डर!

By Shakti Prakash Shrivastva on February 20, 2023
0 517 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

दूसरों को दहशत के साये में जीने को मजबूर करने वाले माफिया सरगना या उनके गुर्गों ने कभी सोचा भी न होगा कि कभी उन्हे भी डर के साये में रहते हुए प्रशासन से जान की सुरक्षा के लिए भीख माँगनी पड़ेगी। जी हाँ, इन दिनों उत्तर प्रदेश में ऐसा देखने को मिल रहा है। हालांकि इसकी शुरुआत तभी हो गई थी जब उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली थी। योगी आदित्यनाथ ने उसी समय भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टालरेंस सहित अपराध और अपराधियों पर नकेल लगाने संबंधी अपना संकल्प जाहिर कर दिया था। उन्होंने इस बाबत यहाँ तक कह दिया था कि या तो अपराधी अपराध छोड़ दें या प्रदेश छोड़ दें वरना हम उन्हे छुड़ा देंगे।

इसका असर भी दिखा। नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो यानि एनसीआरबी की रिपोर्ट भी बखूबी इसकी तसदीक करती है। आज प्रदेश के सभी नामचीन माफिया या तो जेल में है या अपराध में लिप्त नहीं है। मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद, विजय मिश्रा सहित दर्जनों माफियाओं की आपराधिक गतिविधियां शून्य हैं। हाल ही में पत्नी से जेल में मुलाकात को लेकर चर्चा में रहे मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास अंसारी को अब जेल में जान का खतरा महसूस हो रहा है। बाकायदा इस बाबत अब्बास के भाई की तरफ से सरकार को पत्र के जरिए हत्या की आशंका जताते हुए जेल बदलने और सुरक्षा की मांग की गई है।

अभी चार दिन पहले ही अब्बास को चित्रकूट जेल से कासगंज की पचलाना जेल में स्थानांतरित किया गया है। चित्रकूट जेल में अपनी पत्नी निकहत से घंटों मुलाकात किए जाने का मामला तूल पकड़ने पर उसका जेल बदला गया था। इस जेल में पूर्वांचल के कुख्यात अपराधी कुंटू सिंह भी 2021 से बंद हैं। कुंटू सिंह के बंद होने के कारण विधायक अब्बास के परिजनों को अब अब्बास की सुरक्षा की चिंता सता रही है। उन्होंने जेल में अब्बास की हत्या की आशंका जाहिर की है और प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर जेल में बदलाव करने और सुरक्षा की मांग की है। इस संदर्भ में पत्र अब्बास के भाई उमर अंसारी ने लिखा है।

जानकारी के मुताबिक बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी और माफिया एवं अपराधी कुंटू सिंह के गिरोह में कई बार गैंगवार हो चुका है। कुंटू सिंह को मुख्तार अंसारी का दुश्मन माना जाता है। इसी स्थिति को देखते हुए भाई उमर अंसारी ने विधायक अब्बास की हत्या की आशंका व्यक्त की है। हालांकि पचलाना जेल के अधीक्षक विजय विक्रम सिंह का कहना है कि उन्हें विधायक के भाई का कोई पत्र नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि जेल में विधायक अब्बास पूरी तरह से सुरक्षित हैं। दोनों को अलग-अलग हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *