Responsive Menu
Add more content here...
August 9, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

‘कौशल’ का कौशल ….

By Shakti Prakash Shrivastva on July 31, 2022
0 602 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

इसे व्यक्तित्व का कौशल ही कहा जाएगा कि एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी का किया गया स्थानांतरण आदेश 24 घंटे से भी कम समय में शासन को निरस्त करना पड़ा। जी हाँ हम बात कर रहे हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा की। बीते शुक्रवार को श्री शर्मा का स्थानांतरण प्रयागराज के मंडलायुक्त पद पर कर किया गया था लेकिन 24 घंटे से भी कम समय में शासन ने अपने आदेश में संशोधन करते हुए उन्हे वापस वाराणसी के जिलाधिकारी पद पर बहाल कर दिया। निःसंदेह यह स्थिति सामान्य नहीं है। इसे जिलाधिकारी कौशल की कार्य दक्षता और परिणाम परक कार्य शैली की वजह से निर्मित व्यक्तित्व के कौशल का प्रतिफल माना जाना चाहिए। जिसकी वजह से स्थानांतरण आदेश जारी होते ही लखनऊ से लगायत दिल्ली तक की ब्यूरोक्रेसी में हलचल मच गई। तरह-तरह के कयास लगने लगे। सूत्रों की माने तो अपने 2 साल 8 महीने के कार्यकाल में श्री शर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पसंदीदा अधिकारी बन गए। यही कारण रहा कि पीएमओ से लखनऊ के जिम्मेदारों को मिले सीधे और सख्त निर्देश पर योगी सरकार को अपना स्थानांतरण आदेश महज चंद घंटों में निरस्त करना पड़ा। मूलतः श्री कौशल हरियाणा के भिवानी जिले के रहने वाले हैं। 5 अगस्त, 1978 को जन्में श्री शर्मा ने 2006 में आईएएस की परीक्षा पास की और यूपी कैडर के अधिकारी बने। इसके पहले इन्होंने टेक्सटाइल इंजीनियरिंग से एमटेक और फिर एमए पब्लिक पॉलिसी की पढ़ाई की है। शांत और संस्कारी व्यवहार वाले श्री शर्मा की गिनती प्रदेश के तेज तर्रार अधिकारियों में होती हैं। वाराणसी में तैनाती से पहले वो लखनऊ के जिलाधिकारी थे। इसके अलावा वो प्रयागराज और कानपुर के भी जिलाधिकारी रह चुके हैं। 2019 में दुबारा केंद्र में बीजेपी सरकार बनने के बाद श्री शर्मा को वाराणसी का जिलाधिकारी बनाया गया था। तब से लेकर आज तक वह इस पद पर हैं। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को न केवल बखूबी जमीन पर उतारा बल्कि काशी को क्योटो बनाने की बात पर घिरी सरकार को अपने विकास कार्यों के जरिए उबारा भी। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर हो या वाराणसी की सड़कों का चौड़ीकरण का मामला हो या कोरोना काल की परिस्थितियाँ इनसे पार पाने में किये गए कार्यों की वजह से ही श्री शर्मा प्रधानमंत्री मोदी के गुडबुक में आ गए। इसी साल श्री शर्मा को पीएम एक्सिलेंस अवार्ड भी मिला है जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं कौशल के कौशल को सराहते हुए प्रदान किया था।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *