Responsive Menu
Add more content here...
April 18, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

फाइनली पल्लवी ने दिखाए अखिलेश को तेवर!

By Shakti Prakash Shrivastva on March 21, 2024
0 355 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

            पल्लवी पटेल अपना दल कमेरावादी की नेता और उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के सिराथू विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी की विधायक है। पिछले कुछ दिनों से सपा विधायक होते हुए भी पल्लवी का अपनी ही पार्टी के हाइकमान के साथ ट्यूनिंग ठीक नहीं चल रही है। कुछ मुद्दों पर वो पार्टी आलाकमान से नाराज हैं। इसका खुलासा पहली बार राज्यसभा चुनाव के दौरान देखने को मिला था। जब उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर सवाल खड़ा करते हुए कहा था कि पीडीए यानि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक हितों की दुहाई देने वाली पार्टी अपने राह से भटक गई है। अब जबकि लोकसभा चुनाव के पहले चरण की अधिसूचना भी जारी हो चुकी है। हाइकमान से आजिज पल्लवी ने आखिरकार फाइनली पार्टी से तौबा करते हुए लोकसभा की तीन सीटों पर अपना दल कमेरवादी का प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया है। पार्टी सुप्रीमो कृष्णा पटेल की मौजूदगी में हुई महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी ने इस बाबत अंतिम फैसला लिया गया है। पार्टी ने यह तय किया है कि वो आइएनडीआईए गठबंधन में रहते हुए मिर्जापुर, फूलपुर और कौशांबी से अपना प्रत्याशी उतारेगी। इन्ही तीनों लोकसभा सीटों में से ही किसी सीट से पल्लवी पटेल स्वयं चुनाव लड़ेंगी। ऐसा कर पल्लवी ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को भी आईना दिखाने का काम किया है।

बैठक को संबोधित करते हुए अपना दल कमेरावादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि हम शुरू से ही आइएनडीआईए गठबंधन में हैं। गठबंधन की हर बैठकों में शामिल होते रहे हैं। ऐसे में अब हमारी पार्टी ने फूलपुर, कौशांबी और मिर्जापुर सीट पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। पल्लवी पटेल इन्हीं में से किसी एक सीट पर पार्टी के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेंगी। कृष्णा पटेल ने कहा कि हम विधानसभा चुनाव से ही सपा के साथ गठबंधन में हैं और आइएनडीआईए गठबंधन का हिस्सा हैं। अब जाकर हमने यह तय किया है हम इन तीन सीटों पर चुनाव लडें। हम इस बाबत आइएनडीआईए गठबंधन के शीर्ष नेताओं से संवाद करने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। हालांकि अभी तक हमारी बात किसी से नहीं हो सकी है। पल्लवी समाजवादी पार्टी के सिंबल से सिराथू कौशांबी सीट से विधायक हैं। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में सपा से बगावत की थी। उन्होंने पार्टी द्वारा घोषित किए गए उम्मीदवारों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि इनके चयन में पीडीए यानि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यकों के हितों की अनदेखी की गई है। इसके बाद से ही उनके तेवर लगातार बगावती बने रहे और अब उन्होंने सपा से अलग हटकर अपनी पार्टी अपना दल कमेराबादी के सिंबल पर लोकसभा चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। अब ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि चुनाव में सपा से अलग होने का अपना दल कमेराबादी को फायदा होता है या नुकसान।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *