Responsive Menu
Add more content here...
June 20, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

सपा-रालोद गठबंधन में आई दरार!

By Shakti Prakash Shrivastva on April 18, 2023
0 480 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

       राजनीति में कब क्या हो जाये कहा नहीं जा सकता। कौन किसके साथ कब तक रहेगा ये भी निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता। अब समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल में विधानसभा चुनाव के दौरान हुए गठबंधन को ही लीजिए। खतौली विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत तक सब कुछ सामान्य था लेकिन नगर निकाय के चुनावी समर तक आते-आते इनके बीच का प्यार तकरार में तब्दील होने लगा। अब आलम ये है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई सीटों पर सपा और रालोद दोनों ने ही अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। हालांकि मंगलवार को सपा ने बड़ौत और बागपत में अध्यक्ष पद पर से अपनी दावेदारी वापस करने का ऐलान कर दिया है। इन दोनों ही सीटों पर सपा रालोद प्रत्याशियों का समर्थन करेगी।  रालोद ने मेरठ नगर निगम में महापौर पद पर अपना प्रत्याशी उतारने का एलान कर दिया है जबकि यहां भी सपा ने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है।

विधानसभा चुनाव 2022 में सपा रालोद का गठबंधन हुआ था। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने खास तौर पर पश्चिमी उप्र में जमकर प्रचार किया था। एलान किया गया कि यह गठबंधन नगर निकाय चुनाव में भी चलेगा।

इसका फायदा भी विधानसभा चुनाव में दोनों दलों को मिला था। यहां तक कि चुनाव से पहले रालोद प्रदेश अध्यक्ष रामशीष राय ने बड़ौत में घोषणा कर दी थी कि रालोद निकाय चुनाव अपने दम पर चुनाव लड़ेगा तो इसे लेकर रालोद और सपा दोनों में ही हंगामा मच गया था।  बाद में रालोद ने दिल्ली में इस पर  सफाई देते हुए कहा था कि प्रत्याशी रालोद और सपा की साझा कमेटी चुनेगी और गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा। लेकिन जब चुनाव आया तो दोनों के बीच रार खुलकर अब सामने दिख रही है। कई सीटों पर सपा और रालोद ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। बिजनौर नगर पालिका अध्यक्ष के लिए स्वाति वीरा को सपा ने उम्मीदवार घोषित किया है। सपा से नाराज हुई रुखसाना परवीन को यहां से रालोद ने अपना उम्मीदवार घोषित करते हुए पर्चा दाखिल कर दिया। बिजनौर जिले में ही बिजनौर नगर पालिका परिषद समेत अध्यक्ष पद के लिए छह सीटों हल्दौर, नहटौर, नूरपुर, धामपुर, चांदपुर पर यही स्थिति खड़ी हो गई है। इन सभी पर सपा और रालोद दोनों के प्रत्याशी चुनावी रण में उतर गए हैं। अब यहां भी रार शुरू हो गई है। सहारनपुर की नगर पंचायत अंबेहटा पीर पर अध्यक्ष पद के लिए पहले रालोद प्रत्याशी रेशमा ने पर्चा भरा तो अंतिम दिन सपा ने इशरत जहां ने भी नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इसके अलावा विभिन्न जिलों में पार्षद एवं सदस्य सीटों पर बंटवारे को लेकर कई जिलों में हंगामा हुआ है। शामली की कांधला नगर पालिका पर सपा ने नजमुल हसन को तथा रालोद से मिर्जा फैसल बेग को उतार दिया है। इस तरह की स्थिति कई जगहों पर है।

राजनीति के जानकारों की माने तो यदि यही स्थिति बनी रही तो गठबंधन में आई दरार भविष्य में तलाक का आधार साबित हो सकती है। इन दोनों के गठबंधन के सहारे रालोद को विधानसभा चुनाव 2022 में पश्चिमी उप्र में आठ सीटें मिलीं थी जो बाद में उपचुनाव होने से नौ में बदल गई थीं। सपा का भी प्रदर्शन बेहतर हुआ था।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *