Responsive Menu
Add more content here...
May 1, 2024
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

  • Home
  • टॉप न्यूज
  • आगरा एनकाउंटर : डाक्टर के 2 किडनैपर ढेर, पुलिस को भी लगी गोलियां

आगरा एनकाउंटर : डाक्टर के 2 किडनैपर ढेर, पुलिस को भी लगी गोलियां

By Shakti Prakash Shrivastva on July 22, 2021
0 370 Views

आगरा, (संवाददाता)। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद यूं तो काफी हद तक नियोजित अपराध पर अंकुश लग गया था। इधर कुछ दिनों से खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपराध फिर से सिर उठा पुलिसिया इकबाल को चुनौतियाँ देने लगा है। पिछले दिनों आगरा में सीनियर डॉक्टर उमाकांत गुप्ता को किडनैप करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने बुधवार की देर रात एक एनकाउंटर में मार गिराया। मारे गए एक अपराधी बदन सिंह पर एक लाख का इनाम भी था।

आगरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज की मुताबिक डॉक्टर की किडनैपिंग मामले में फरार चल रहे एक लाख के इनामी बदमाश बदन सिंह और उसके साथी अक्षय सिंह के साथ पुलिसिया मुठभेड़ देर रात एक बजे के करीब शुरू हुई। हुआ यूं कि पुलिस जगनेर थाना क्षेत्र के कठपुरा इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बदन और अक्षय बाइक से तेज रफ्तार में आते दिखे। रोकने पर रफ्तार तेज कर भाग निकले। पुलिस द्वारा कंट्रोल रूम को इसकी सूचना मिली। अधिकारियों सहित पुलिस टीम बदमाशों के पीछे लग गईं। पुलिस से घिरता देख बदन सिंह ने बाइक कछपुरा जंगल की तरफ मोड़ दी। कुछ दूर जाने पर उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में पहले एक बदमाश को गोली लगी, जबकि एक आगे की तरफ भाग निकला। घायल बदमाश को पुलिस अस्पताल ले गई जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ पुलिस की बाकी टीमें दूसरे बदमाश का पीछा करने लगी। कुछ दूरी पर हुए फायरिंग में वह भी मारा गया। पुलिस ने एक आरोपी की शिनाख्त धौलपुर निवासी शातिर बदमाश एक लाख के इनामी बदन सिंह और दूसरे की अक्षय के रूप में की है। इस एनकाउंटर के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज और पुलिस अधीक्षक  पश्चिम सत्यजीत गुप्ता के बुलेट प्रूफ जैकेट में भी गोली लगी है और दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की मुताबिक अपराधी बदन सिंह का आगरा में काफी आतंक था। बदन सिंह डॉक्टर अपहरण कांड से पहले भी तीन अपहरण की वारदातों को अंजाम दे चुका था। डॉक्टर उमाकांत के अपहरण के बाद वो पांच करोड़ की फिरौती मांगने वाला था। लेकिन पुलिस ने पहले ही डॉक्टर को मुक्त करा लिया था। बदन सिंह पर एडीजी राजीव कृष्ण द्वारा एक लाख का इनाम घोषित किया गया था। डाक्टर के अपहरण का पूरा मामला ये है कि एत्माउद्दौला थाना क्षेत्र में ट्रांस यमुना कालोनी फेस-2 में डॉक्टर उमाकांत गुप्ता का विद्या नर्सिंग होम है। नर्सिंग होम के पीछे ही उनका निवास है। डॉ. गुप्ता 13 जुलाई की शाम 7:30 बजे अपने घर से कार से (UP 80 EJ 7472) से हॉस्पिटल जाने के निकले थे। आम दिनों में वो 10 बजे तक लौट आते थे। मंगलवार को रात 11 बजे तक वापस नहीं आए। ऐसे में डॉ. उमाकांत की पत्नी डा. विद्या गुप्ता को चिंता हुई। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस की कई टीम डॉक्टर की तलाश में जुट गई। मामले में आगरा पुलिस ने मध्य प्रदेश की पुलिस की भी मदद ली। 14 जुलाई को उन्हें जंगल से पुलिस ने छुड़ा लिया था। तब से ये दोनों अपराधी फरार चल रहे थे। पिछले एक हफ्ते में आगरा पुलिस की ये तीसरी मुठभेड़ थी। इनमें कुल 4 अपराधी मारे गए।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *