Responsive Menu
Add more content here...
November 13, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

यूपी में अब तीसरा गठबंधन!

By Shakti Prakash Shrivastva on November 13, 2026
0 9 Views

                                                शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव
उत्तर प्रदेश की 2027 की विधानसभा चुनावी राजनीति में अब एक नया सियासी मोर्चा सामने आ गया है। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला एनडीए और समाजवादी पार्टी-कांग्रेस के गठबंधन के बीच अब असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी ने तीसरा मोर्चा बना लिया है। नाम रखा है सामाजिक परिवर्तन मोर्चा। दोनों नेताओं ने 12 नवंबर को इसका औपचारिक ऐलान भी कर दिया है।


इस गठबंधन में एक तरफ एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी हैं, जो मुस्लिम राजनीतिक प्रतिनिधित्व का सवाल लगातार उठाते रहे हैं, तो दूसरी तरफ आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद हैं, जिन्होंने दलित राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई है। दोनों नेताओं की राजनीतिक पृष्ठभूमि और सामाजिक आधार अलग-अलग हैं, लेकिन उनकी साझा पहल सामाजिक प्रतिनिधित्व और राजनीतिक हिस्सेदारी के सवाल को केंद्र में रखती है। साथ ही प्रदेश की सियासत मे प्रभावी पीडीए समीकरण को अच्छा खासा प्रभावित करने में समर्थ है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलित और मुस्लिम मतदाताओं की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। समाजवादी पार्टी ने पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक की अवधारणा के जरिए व्यापक सामाजिक गठजोड़ बनाने की कोशिश की है। वहीं बहुजन समाज पार्टी की राजनीति का पारंपरिक आधार दलित समाज रहा है। ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर का एक मंच पर आना इन दोनों दलों के राजनीतिक आधार और रणनीति के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण है। इस नए मोर्चे की सबसे बड़ी चुनौती अपने सामाजिक संदेश को चुनावी संगठन में बदलने की होगी। ओवैसी की पार्टी की कुछ क्षेत्रों में राजनीतिक उपस्थिति है, जबकि चंद्रशेखर आजाद की पहचान दलित और युवा राजनीति के बीच बनी है। लेकिन विधानसभा चुनाव में केवल चर्चित चेहरे और सामाजिक समीकरण ही पर्याप्त नहीं होते। बूथ स्तर पर संगठन, स्थानीय नेतृत्व, उम्मीदवारों की स्वीकार्यता और क्षेत्रीय मुद्दों पर स्पष्ट नीति भी महत्वपूर्ण होती है।
इस गठबंधन के सामने सीटों के बंटवारे और दूसरे छोटे दलों को साथ जोड़ने का सवाल भी रहेगा। क्या अपना दल (कमेरावादी), महान दल, पीस पार्टी अथवा अन्य क्षेत्रीय संगठन इस मोर्चे का हिस्सा बनेंगे? क्या गठबंधन पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आगे पूर्वांचल और बुंदेलखंड में भी अपना संगठनात्मक विस्तार कर पाएगा? इन सवालों के जवाब आने वाले दिनों में इसकी राजनीतिक दिशा स्पष्ट करेंगे।
यूपी की राजनीति में तीसरे मोर्चे का प्रयोग नया नहीं है। पहले भी कई छोटे दलों ने एकजुट होकर बड़े राजनीतिक विकल्प के रूप में सामने आने की कोशिश की, लेकिन नेतृत्व, महत्वाकांक्षा और सीटों के बंटवारे के सवाल पर ऐसी पहलें अक्सर कमजोर पड़ती रही हैं। इसलिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की असली परीक्षा केवल घोषणा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आपसी तालमेल और जमीनी विस्तार में होगी।
फिलहाल इतना तय है कि ओवैसी और चंद्रशेखर की साझेदारी ने 2027 के चुनावी मुकाबले में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। अब सवाल यह नहीं है कि यूपी में तीसरा गठबंधन बनेगा या नहीं, बल्कि यह है कि यह गठबंधन अपनी अलग राजनीतिक पहचान और संगठनात्मक ताकत किस तरह स्थापित करता है। आने वाले दिनों में इसकी रणनीति, सहयोगी दलों और सीटों को लेकर होने वाले फैसले बताएंगे कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा प्रदेश की राजनीति में कितनी जगह बना पाता है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *