Responsive Menu
Add more content here...
November 26, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

सपा को निगलने की तैयारी में कांग्रेस!

By Shakti Prakash Shrivastva on November 3, 2023
0 585 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

                                 मध्यप्रदेश में टिकट बँटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच जो कुछ भी हुआ वो सियासत की मर्यादा के लिहाज से कत्तई उचित नहीं था। उस दौरान कांग्रेस से नाराजगी के चलते सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का ये कहना कि जो काम सपा के साथ मध्यप्रदेश में कांग्रेस कर रही है वही काम उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान सपा करेगी कांग्रेस के साथ। कांग्रेस को यह बहुत नागवार लगा। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में सपा को सबक सिखाने के लिहाज से नया सियासी दांव चला है। इसके तहत वो सपा के असंतुष्ट नेताओं से संपर्क कर उन्हे अपने साथ ला सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का सियासी गुरूर तोड़ना चाहती है। इस क्रम में ही कांग्रेस ने सपा के संस्थापक सदस्य और कई-कई बार सांसद रहे खीरी लखीमपुर क्षेत्र के प्रभावशाली नेता रवि प्रकाश वर्मा को अपने साथ लाने में सफलता पा ली है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव और कई बार सांसद रहे रवि प्रकाश वर्मा अब बहुत जल्द कांग्रेस का दामन थाम सकते है। इस बाबत सब कुछ फाइनल है बस तिथि का इंतजार है। इनके अलावा भी कई इलाकाई नेताओं की बड़ी संख्या है जो कांग्रेस के साथ जुडने वाली है।

श्री वर्मा का कांग्रेस के साथ चले जाने से सपा को खासा नुकसान होने वाला है। क्योंकि वर्मा की गिनती इलाके के कद्दावर नेताओं में की जाती है। यही नहीं इनका परिवार देश की आजादी के बाद से लगभग दस बार से अधिक बार इलाके का प्रतिनिधित्व कर चुका हैं। लखीमपुर खीरी जिला के गोला क्षेत्र निवासी श्री वर्मा का नाम समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शुमार है। उनेक पार्टी छोड़ने से लखीमपुर खीरी समेत अगल-बगल के लोकसभा सीटों पर भी खासा प्रभाव पड़ेगा। इसमें सपा को सर्वाधिक नुकसान हो सकता है। श्री वर्मा की इलाकाई कुर्मियों के बीच ख़ासी पैठ है। वे खीरी सीट से तीन बार लोकसभा और एक बार राज्यसभा सांसद रहे हैं। श्री वर्मा ने गुरुवार को अपना इस्तीफ़ा पार्टी फोरम पर पहुंचा दिया हैं। अपने समर्थकों के साथ बातचीत कर जल्द ही अपने ढेर सारे समर्थकों के साथ वो कांग्रेस ज्वाइन करेंगे।

श्री वर्मा की कुर्मी बिरादरी में ख़ासी पैठ है। कहते हैं उनके परिवार की राजनीति की यह बिरादरी मजबूत धूरी हैं। उनके कांग्रेस में जाने से महज खीरी ही नहीं बल्कि उनके प्रभाव वाले सीतापुर, धौरहरा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहाँपुर समेत बाराबंकी संसदीय क्षेत्र तक का परिणाम प्रभावित होगा। क्योंकि इन सभी लोकसभा सीटों में कुर्मी समाज की तादाद निर्णायक स्थिति में हैं। सिर्फ खीरी में पिछड़े वर्ग की करीब 35 प्रतिशत आबादी में कुर्मी की संख्या सर्वाधिक है। इनके पिता बाल गोविंद वर्मा लखीमपुरखीरी लोकसभा क्षेत्र से 1962 से 1971 और फिर 1980 में सांसद चुने गए। इनकी मौत के बाद हुए उपचुनाव में उनकी माता उषा वर्मा सांसद चुनी गईं। इसके बाद वह 1984 से 1989 तक सांसद रहीं। इसके बाद श्री वर्मा 1998 से 2009 तक सपा सांसद रहे। इसके बाद 2014 से लेकर 2020 तक राज्य सभा के सदस्य रहे। ऐसे कद्दावर सियासी रसूख वाले परिवार का साथ ले कांग्रेस उस रास्ते पर आगे बढ़ गई है जिससे सपा को दिन-प्रतिदिन कमजोर किया जा सके। यदि समय के साथ मिले अनुभव को आत्मसात करते हुए सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने अपना  सियासी चरित्र नहीं बदला तो वह दिन दूर नहीं जब सपा सियासत के हाशिये पर नजर आने लगे।

 

 

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *